






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2024। अगस्त माह का अंतिम रविवार कल 25 अगस्त को होगा। इस मौके पर जहां क्षेत्र के बाजार पूर्णतया बंद रहेगें वहीं कई सामाजिक आयोजनों में शहरवासी व्यस्त रहेगें। यहां रविवार को सबसे बड़ा आयोजन सिंधी समाज द्वारा सिंधी भवन के विस्तारित निर्माण के लोकार्मण का होगा। वहीं राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ द्वारा सेवा बस्ती में चिकित्सा शिविर का आयोजन, धनंवतरी चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवांए व भाजपा द्वारा मन की बात सुनने के सामूहिक आयोजन होगें। पढ़ें रविवार को होने वाले चारों आयोजनों की सामूहिक खबर, पढ़ें विस्तार से।
संत कंवरराम भवन में हुए नवनिर्माण होगा भव्य लोकार्पण, जुटेंगे समाज के संत और सज्जन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिंधी कॉलोनी में स्थित संत कंवरराम भवन में प्रथम तल पर हॉल व नवनिर्मित द्वितीय तल का भव्य लोकार्पण रविवार सुबह समारोह पूर्वक होगा। सिंधी समाज द्वारा समारोह की भव्य तैयारियों की जा रही है। सिंधी पंचायत के अध्यक्ष श्रवणकुमार गुरनाणी ने बताया कि समारोह में जयपुर से साध मुकेशजी, सांभर से साध प्रदीपजी, उज्जैन से सांई हरिरामजी, मोठुका से सांई लालचंदजी के सान्निध्य में संपन्न होगा वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञानदेव आहूजा शामिल होंगे। पंचायत के मंत्री अशोक कुमार वासवानी ने बताय कि लोकार्पण समारोह की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, 9.30 बजे हवन पूजन होगा, 12.15 बजे भवन का लोकार्पण होगा तथा दोपहर 12.30 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। कोषध्यक्ष दुर्गाप्रसाद खटनाणी ने बताया कि लोकार्पण समारोह में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का समस्त सिंधी समाज शामिल होगा तथा अनेक जनप्रतिनिधि व नागरिक, अधिकारीगण भी शामिल होंगे। मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी ने बताया लोकार्पण के बाद शाम 6 बजे से 9 बजे संतों का सत्संग होगा तथा रात 9 बजे नोहर की बहराणा मंडली द्वारा बहराणा साहिब की प्रस्तुति दी जाएगी। व्यवस्थापक अशोक गुरनाणी ने बताया कि आयोजन को लेकर सिंधी कॉलोनी में उल्लास का माहौल छाया है। समाज के उत्साही युवाओं सहित महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग भी आयोजन की तैयारियों संबंधी कार्यों में बढ़ चढ़ कर भाग ले रहें है।
संघ के सेवा विभाग द्वारा वाल्मीकि बस्ती में होगा स्वास्थ्य शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अगस्त माह के अंतिम रविवार 25 अगस्त को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग एवं NMO के संयुक्त तत्वाधान में कस्बे के वाल्मिकी बस्ती स्थित अम्बेड़कर भवन में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में एनएमओ के जिलाध्यक्ष डॉ राजकुमार पुरोहित एवं पीबीएम चिकित्सालय के चिकित्सक अपनी सेवाएं देगें। शिविर में वाल्मीकि बस्ती के रोगियों की जांच और दवा वितरण निशुल्क किया जाएगा। शिविर के लिए पंजीयन सुबह 8:30 बजे से प्रारंभ हो जाएगा।
धन्वंतरी चिकित्सालय में कान, नाक, गला रोग विशेषज्ञ की सेवांए रविवार को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे में हाईस्कूल रोड़ स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय में अब प्रत्येक रविवार को बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय के कान, नाक, गला रोग विशेषज्ञ डा शाश्वत दत्त मेहता की सेवांए उपलब्ध रहेगी। चिकित्सालय निदेशक मांगीलाल चौधरी ने बताया कि प्रत्येक रविवार को विशेषज्ञ सेवाओं के साथ साथ एंडोस्कोपी, कान के दर्द, कान में रस्सी आना, सुनने में कमी, कान की सरसराहट आदि का उपचार, इसी प्रकार बंद नाक, नाक की हड्डी का टेढापन, नजला, साईनस, नकसीर आदि का उपचार, गले का दर्द, टांसिल, एडिनाइड, गले की गांठ, थाईराईड, पैरोटिड, आवाज संबधी समस्याएं, सरदर्द, चेहरे का दर्द, माईग्रेन, लगातार चक्कर आने आदि बिमारियों का उपचार संभव हो सकेगा।
मोदी के मन की बात सुनेगें भाजपाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माह के अंतिम रविवार को इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात भी प्रसारित होगी। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी ने बताया कि सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाले इस विशेष आयोजन को सुनने एवं सुनाने के लिए जिले के सभी जिला, मंडल, मोर्चों, प्रकोष्ठों, बूथ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए है। साथ ही मन की बात सुनने के बाद प्रत्येक मंडल के प्रत्येक शक्तिकेन्द्र पर पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए गए है।



