






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में दिन भर बिजली देने की मांग पर गहमा गहमी रही और शाम ढलते ढलते एसडीएम कार्यालय का घेराव कर बैठे किसानों ने जम कर खुशी मनाई। विदित रहे कि क्षेत्र में जबरदस्त बिजली संकट है एवं कृषि कुंओं पर कम वोल्टेज के कारण कुंए नहीं चल पा रहे है। ऐसे में किसानों ने जहां धरने प्रदर्शन शुरू कर दिए वहीं दूसरी और खेतों में सिंगल फेस बिजली को थ्री फेस बिजली बना कर अवैध तरीके से कृषि कुंए चलाने और इसी कारण थ्री फेस बिजली सप्लाई में दिक्कत आने की बात कहते हुए निगम ने खेतों में सिंगल फेस बिजली पर कैंची चला दी थी। ऐसे में किसानों व निगम के बीच टकराव बढ़ गया एवं शुक्रवार को किसानों ने श्रीडूंगरगढ़ एसडीएम कार्यालय का घेराव कर दिया। सुबह से उपखण्ड अधिकारी कार्यालय का घेराव जारी रहा एवं कई दौर की वार्ता विफल रही। इस दौरान पुख्ता पुलिस व्यवस्था भी प्रशासन के चारों ओर रही एवं बिजली अधिकारी भी मौके पर रहे। वहीं दूसरी और विधायक गिरधारी महिया भी खासे सक्रिय रहे एवं ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी से वार्ता कर बीकानेर एसई द्वारा निकाले दिए गए आदेश का विरोध जताया। महिया ने हर हाल में किसानों को पूरी बिजली देने की मांग की। शाम होते होते करीब 6.30 बजे बीकानेर एसई द्वारा गुरूवार को निकाले गए आदेश को निरस्त करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। इस आदेश के बाद घेराव पर मौजूद किसानों ने जम कर खुशी मनाई एवं इसे किसान एकता की जीत बताई। घेराव के आह्वानकर्ता रालोपा नेता विवेक माचरा ने बिजली की क्वालिटी संकट भी दूर करने जल्द से जल्द नहीं करने पर आंदोलन को ओर अधिक तेज करने की चेतावनी दी। घेराव पर किसानों का नेतृत्व किसान नेता तोलाराम जाखड़, विनोद गिरी गुंसाई, लकेश चौधरी आदि ने किया।






