






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अगस्त 2023। वर्तमान में मोबाईल, टीवी, सोशल मीडिया और स्कूलों में केवल रटने के जोर ने बच्चों के व्यक्तित्व पर बुरा असर डाला है एवं ऐसे में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य से सामाजिक संस्था नागरिक विकास परिषद द्वारा स्वाधीनता दिवस के मौके पर विभिन्न सहशैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। परिषद के सांस्कृतिक मंत्री मनोज गुंसाई ने बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन की शुरूआत शुक्रवार को संस्थाध्यक्ष जगदीश स्वामी की अध्यक्षता में हुई एवं पहले दिन सुलेख श्रुतिलेख एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागी बच्चों ने जैसे मोती ही कॉपी पर उतार दिए। आयोजन के दूसरे दिन शनिवार को चित्रकला, कविता व वाद-विवाद आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका पत्रकार संजय पारीक एवं अनिल धायल ने निभाई। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण भी शनिवार को समारोहपूर्वक किया जाएगा। गुंसाई ने बताया कि पहले दिन आयोजित कस्बे की 15 स्कूलों की टीमों में 162 विद्यार्थियों ने भाग लिया। श्रुतिलेख कनिष्ठ वर्ग में 30, वरिष्ठ वर्ग में 18 बच्चों ने, सुलेख प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में 31 एवं वरिष्ठ वर्ग में 18 बच्चों ने, भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में 14 व वरिष्ठ वर्ग में 11 बच्चों ने भाग लिया। यह सभी बच्चे अपनी अपनी प्रतियोगिताओं के लिए अपने अपने विद्यालय की और से श्रेष्ठ प्रतिभागी के रूप में चयनित होकर यहां पहुंचे थे। प्रतियोगिताओं के आयोजन पर संस्थाध्यक्ष जगदीश स्वामी ने परिषद द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, सेवा कार्यों, जनहित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान परिषद के कार्यसमिति सदस्य एडवोकेट रणवीरसिंह खिची, कुंभाराम घिंटाला, विशाल स्वामी, तुलसीराम चौरडिया आदि कार्यकर्ता सक्रिय रहे।




