






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अप्रैल 2025। कालू बास की अंबेडकर कॉलोनी, गवारिया बस्ती, रैगर एवं नट बस्ती, मेघवाल बस्ती रामदेवजी का मंदिर, बिग्गाबास एवं लोहार बस्ती और प्रताप बस्ती में स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में 600 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच व दवा वितरण का लाभ उठाया। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह के तहत इन नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविरों का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ। शिविर में नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष राजकुमार पुरोहित के निर्देशन में बीकानेर से महिला एवं बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ व जनरल फिजिशियन चिकित्सक सहित चिकित्सा सेवा से जुड़े 25 सदस्यों ने अपनी सेवाएं दी। शिविरों की व्यवस्थाएं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं संवैचारिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संभाली। संघ सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साहब जयंती सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रतिदिन सेवा भारती संगठन द्वारा सेवा बस्तियों में यज्ञ एवं हवन, विद्या भारती संगठन द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता, राष्ट्रीय सेविका समिति की मातृशक्ति द्वारा मातृशक्ति से गृह संपर्क, शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का निर्माण एवं संधारण, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी द्वारा आरती, धर्म जागरण गतिविधि व विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा सत्संग तथा अखिल भारतीय साहित्य परिषद द्वारा बाबा साहब के जीवन पर प्रेरक प्रसंग कथन एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन किए जा रहा हैं। सभी बस्तियों में कार्यक्रम की व्यवस्था निर्माण हेतु संघ के कार्यकर्ताओं की टोलियां कार्य कर रही है।





