May 21, 2026
news-_new

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 सितंबर 2021। सेशन कोर्ट के पीछे स्थित पालिका भूमि पर स्थित योगस्थल पर गत चार वर्षों में लगाए गए पेड़ो को शुक्रवार को नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण मानते हुए जेसीबी की सहायता से तोड़ दिया गया। पालिका भूमि पर हो रहे निजी अतिक्रमणों की बाढ़ में मोहल्ले के जागरूक लोगों ने इस भूमि को सार्वजनिक हित में सरंक्षित किया हुआ था एवं लंबे समय से पौधारोपण के साथ साथ पालिका द्वारा भी इस भूमि को पालिका का ही पार्क घोषित करने की मांग की जा रही थी। और यहां पर पूर्व में पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने हाथों से भी गत 15 अगस्त को पौधारोपण किया गया था। मोहल्लेवासियों द्वारा मौके पर पालिका भूमि होने का बोर्ड रखते हुए ही पेड़ों की सुरक्षा के लिए जाली की गई थी। लेकिन पालिका प्रशासन द्वारा भूमाफियाओं के निजी कब्जों के लिए कार्रवाई किए जाने का आरोप मोहल्लेवासियों द्वारा लगाया गया है। इस भूमि पर अपना श्रमदान देकर पेड़ों को संरक्षित करने वाले मोहल्लेवासी मोतीसिंह राठौड़, केशराराम जाट, कुंभाराम गोदारा, श्रीभगवान स्वामी, श्रवणकुमार सिंधी, गोविंद सोनी, लालपूरी गुंसाई, ख्यालीराम माली आदि ने पालिका कार्रवाई के खिलाफ रोष जताया है एवं इस भूमि पर पालिका का ही पार्क घोषित करने की मांग की है। मोहल्लेवासियों ने 8 से 10 फीट बड़े हो चुके पेड़ों को तोड़ने के विरोध में न्यायालय की शरण में जाने की चेतावनी भी दी है। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका अधिषाशी अधिकारी भवानीशंकर व्यास ने बताया कि भूमि नगरपालिका की है एवं योग करने एवं पौधे लगाने के नाम पर तार व जाली लगा कर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। पालिका भूमि को संरक्षित करते हुए कार्रवाई की गई है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिका द्वारा हरे पेड़ तोड़े गए।