






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अक्टूबर 2024। क्षेत्र के बिग्गाजी महाराज के धाम शीश देवली रीड़ी व धड़ देवली बिग्गा में आज रात जागरण का आयोजन होगा व मंगलवार को दोनों स्थानों पर विशाल मेले भरेंगे। दोनों गांवो में उत्साह का माहौल छाया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिग्गाजी के धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगने पहुंच रहें है। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष कृष्ण कुमार जाखड़ ने बताया कि मंदिर को रंगबिरंग रोशनी से सजाया गया है। मंदिर परिसर में प्रसाद, खिलौने, कृषि यंत्र, आइसक्रीम, झूले सहित कई अस्थाई दुकानें सज गई है। वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान के कार्यकर्ता अपनी-अपनी टीम बनाकर व्यवस्था में सेवाएं देने में जुट गए है। रीडी से लेकर बिग्गा धाम तक पैदल यात्री भी डीजे के साथ नाचते गाते बड़ी संख्या में पहुंचने लगे है। आस पास के गावों से युवा व पुलिस जवान ट्रैफिक व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाएं करने में लगे है। मंदिर में दूरदराज से आने-वाले श्रदालुओं को नि:शुल्क भंडारा लगाया गया है। पैदल यात्रियों के लिए जल, फल व मेडिकल सेवा भी दी जा रही है। नेशनल हाईवे से लेकर बिग्गाजी मंदिर तक श्रद्धालुओं की खासी रेलमपेल है। वहीं गांव रीड़ी में विशाल जागरण की भव्य तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। यहां गजेंद्र अजमेरा एडं पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। कल सुबह मंदिर परिसर में मेला भरेगा। वहीं गांव उदरासर से वीर बिग्गाजी के लिए पैदल संघ धूमधाम से सोमवार दोपहर 1 बजे गांव के वीर बिग्गाजी मंदिर में धोक लगाकर रवाना हुआ। संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश जाखड़ ने बताया कि बिग्गाजी के दर्शनार्थी संघ मंगलवार सुबह बिग्गा के मंदिर में धोक लगाएगा। संघ में अनेक महिला श्रद्धालु भी शामिल है। परमाराम जाखड़, सोहनराम जाखड़, पेमाराम, सांवताराम, विनोद जाखड़ सहित शामिल भक्तों ने जमकर जयकारे लगाए व नाचते गाते संघ रवाना किया।









