






श्रीडूंगरगढ़ टाइमस 10 अप्रैल 2024। भाजपा लोकसभा चुनावों के लिए खासी आक्रामक रणनीति में जुट चुकी है एवं श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस, माकपा के गठजोड़ के कारण संभावित जाट वोटों के ध्रुवीकरण को रोकने के लिए श्रीडूंगरगढ़ में जाट नेताओं की बड़ी सभा आयोजित करवा रही है। यहां राउमावि के सामने कालू रोड़ पर आगामी 13 अप्रैल को किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें इन दिनों अपने विवादित बयानों के कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके रिछपाल मिर्धा एवं पूर्व प्रधानमंत्री किसान नेता चोधरी चरणसिंह के पौत्र जयंत चौधरी शामिल होगें। इनके अलावा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल, मंत्री सुमित गोदारा, विधायक ताराचंद सारस्वत, विश्वकर्मा बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई भी किसान सम्मेलन में क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसानों को संबोधित करेगें। किसान सम्मेलन की तैयारियों को शुरू कर दिया गया है एवं बुधवार दोपहर विधायक ताराचंद सारस्वत व विश्वकर्मा बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई आदि नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया। किसान नेताओं का श्रीडूंगरगढ़ आगमन हैलीकोप्टर के माध्यम से होगा एवं हैलीपैड भी तैयार किया जा रहा है।






