May 20, 2026
8dff24f2-ec83-4847-a920-c17998f28598

श्रीडूंगरगढ टाइम्स 23 दिसम्बर 2022। यूरिया के लिए लंबे इंतजार के बाद श्रीडूंगरगढ़ के किसानों के लिए शनिवार को रैक आंवटित हुई और आज शुक्रवार को क्षेत्र के लिए 20 हजार से अधिक बैग यूरिया के पहुंच रहे है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति में 3, मंडी स्थित एग्री क्लीनिक सहकारी समिति में 3, सोनियासर में 1, लिखमीसर में 3, आडसर में 1, सत्तासर में 3, पूनरासर में 2, जोधासर में 3, मोमासर में 1, बापेऊ में 1, धीरदेसर चोटियान में 2, समंदसर में 2, इंदपालसर में 1, सांवतसर में 3, लालासर में 2, लिखमादेसर में 3 गाडियां यूरिया की आंवटित हुई है। इनमें से श्रीडूंगरगढ क्रय विक्रय सहकारी समिति और एग्री क्लीनिक सहकारी समिति में दो दो गाडियां पहुंच भी गई है एवं अन्य जगहों पर आज शाम तक गाडियां पहुंच जाएगी। एक गाडी में अनुमानित 670 से 700 बैग यूरिया के आते है और श्रीडूंगरगढ के किसानों को 20 हजार से अधिक यूरिया के बैेग शुक्रवार को वितरण होने है। ऐसे में किसानों में यूरिया लेने के लिए उत्साह है एवं यूरिया की जरूरत में धरतीपुत्रों पर तेज सर्दी भी बेअसर है। श्रीडूंगरगढ़ मंडी में घने कोहरे एवं ठिठुराती हुई सर्दी में भी किसानों की लंबी लाईनें यूरिया के लिए लगी हुई है।

किसानों की मांग, हो मोनिटरिंग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कृषि उपज मंडी में स्थित एग्री क्लीनिक सहकारी समिति में यूरिया आने की सूचना से ही किसानों की लंबी कतारें लग गई है। किसान सुबह चार बजे से ही दुकान के बाहर लाईनों में लगने शुरू हो गए एवं सर्दी को बेअसर करते हुए बच्चे भी लाइनों में लगे हुए है। लाईनों में लगे किसान सांवरमल गिला, राजू जाखड़, ओमनाथ रीड़ी, रामप्रताम अमृतवासी, सांवरमल रामसरा, दिनेश जाखड़ रामसरा, विजयपाल रीड़ी, राजेश तोलियासर, गंगाधर बिग्गा आदि ने बताया कि सामान्य किसान कड़ाके की सर्दी में लाईनों में ठिठुर रहे है वहीं प्रभावशाली लोगों को सीधे ही यूरिया दी जा रही है। ऐसे में युवा नेता विवेक माचरा ने भी पुलिस एवं प्रशासन से वार्ता कर यूरिया वितरण की मोनिटरिंग करवाने की मांग की है। माचरा ने चेतावनी दी है कि लंबे इंतजार के बाद भी किसानों के साथ यूरिया वितरण में भेदभाव किया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पहुंची यूरिया से भरी गाडियां, गांवों में होगी शाम तक डिलवरी।
श्रीडूंगरग़ढ टाइम्स। सर्दी को रोकने के लिए गर्म कपड़ों से खुद को ढका लेकिन लाईन में जमे रहे किसान।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। सुबह 4 बजे से शुरू हुई लाईन, दिन चढने के साथ हेा रही है लंबी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठिठूराती सर्दी में बच्चे भी लगे लाईन में, बारी का इंतजार।