






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में महिला शक्ति शिक्षा, धर्म, सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में यहां महिलाएं सेवा क्षेत्र में बढ़चढ़ कर समर्पण भाव से सेवा कार्य कर रही है। आज माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा कालूबास के माहेश्वरी भवन में नि:शुल्क परामर्श चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर से सीएमएचओ डॉ अबरार पंवार भी पहुंचे। डॉ अबरार ने महिलाओं द्वारा किए गए सेवा शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला शक्ति ने सदा से ही देश की उन्नति को सकारात्मक दिशा दी है। उन्होंने कहा कि ये आयोजन एक प्रेरणा है कि महिलाएं अपने घर के साथ समाज में अपना योगदान देकर लोगों को स्वस्थ रखने की दिशा में भी कार्य कर सकती है। मंडल सदस्य महिलाओं ने उनका स्वागत सम्मान किया। शिविर का उद्घाटन समाज की बालिका रिद्धि सोमाणी द्वारा फीता काटकर किया गया वहीं मंडल सदस्य के परिवार से बुजुर्ग महिलाओं द्वारा शिविर में सेवा देने वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों का स्वागत सम्मान किया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉ गौरव गोम्बर, डॉ जीएस विजय, डॉ विकास पारीक, डॉ मदनगोपाल भट्टड़, डॉ मीनाक्षी गोबंर, डॉ निष्ठा अग्रवाल, डॉ सौरभ अग्रवाल, डॉ रूचिर व डॉ प्रमोद नारंग ने अपनी सेवाएं दी। पूरे कस्बे सहित आस पास के गांवो से बड़ी संख्या में मरीज शिविर में परामर्श लेने पहंचे। इस दौरान शुगर की 43, अस्थमा की 31 व ईसीजी 7 की गई। शिविर आयोजन में मंडल की सदस्य महिलाओं ने अपनी सेवाएं दी व पंजीकरण करने से लेकर सभी व्यवस्थाएं स्वयं संभाली। इस दौरान उनके परिजन भी मौजूद रहें व आयोजन की सराहना की।







