






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2024। बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले उपखंड कार्यालय पर किसानों ने पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में धरना देकर प्रदर्शन किया। महिया ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए किसानों की बिजली समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की, उन्होंने कहा कि सरकार बने हुए सात महीने हो गए परंतु विधायक व प्रशासन आमजन की सुध नहीं ले रहें है। महिया ने कहा कि गत सरकार ने जो विद्युत संबंधी कार्य स्वीकृत किए वे कार्य पूरे होना तो दूर, प्रारंभ तक नहीं हो पाए है। उन्होंने कहा कि पूरे अंचल में विद्युत कटौती के कारण जनता उमस व गर्मी से बेहाल है। सरकार तुरंत इस कटौती पर रोक लगावें। धरने पर अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला उपाध्यक्ष मुखराम गोदारा व किसान नेता श्यामसुंदर आर्य ने भी बिजली समस्याओं से राहत देने की बात कहते हुए विचार व्यक्त किए। इस दौरान धरना स्थल पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। मौके पर पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। धरने का संचालन राजेंद्र जाखड़ व मुकेश ज्याणी ने किया।
उठाई क्षेत्र की विभिन्न बिजली समस्याएं, 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, हुई वार्ता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय किसान सभा के किसान नेताओं ने धरना स्थल से उपखंड कार्यालय पहुंचकर श्रीडूंगरगढ़ अंचल की विभिन्न बिजली समस्याएं उठाते हुए 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इस दौरान प्रशासन के साथ किसानों के प्रतिनिधि मंडल की लंबी वार्ता हुई। वार्ता में उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक, एसआई धर्मपाल सहित बिजली विभाग के एक्सईएन विष्णु मैथी व एईएन मुकेश मालू, नरेन्द्र सोनगरा मौजूद रहें। वहीं किसानों की ओर से प्रतिनिधि मंडल में पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, मुखराम गोदारा, श्यामसुदंर आर्य, मालचंद नैण, कानाराम भादू, तोलाराम गोदारा, हरिराम मेघवाल, पन्नालाल सिंवल, सीताराम गोदारा, सत्तुनाथ सिंह, दुर्गाराम महिया, मालाराम नैण बींझासर, सरपंच सुनिल मेघवाल, नथाराम रेवाड़, सरपंच नंदलाल बिहाणी, शेखर रेगर, प्रह्लाद भामूं, गोप पूनियां वार्ता में शामिल हुए।
20 सूत्रीय रखी मांगे, मिला आश्वासन, दो दिवसीय शिविर पर बनी सहमति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अभाकिस के तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भुवाल व तहसील मंत्री राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन को 20 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। किसान नेताओं ने 250 किसानों को जले हुए ट्रांसफार्मर दिए जाने, काटे हुए कृषि कनेक्शनों को बिल भेजना बंद करने, श्रीडूंगरगढ़ से बींझासर लोडेरा थेह मंदिर गुसाईसर बड़ा की 33 केवी लाइन से बींझासर व लोडेरा को जोड़े जाने, नोसरिया मिंगसरिया 33 केवी लाइन चालू करने, जैसलसर 33 केवी से अभ्यसिंहपुरा व जैसलसर कृषि कुओं पर नया फीडर निकाले जाने, ढाणियों में घरेलू कनेक्शन दिए जाने, कृषि कनेक्शन के लिए मांगपत्र जमा करवाए है उन किसानों को सामान उपलब्ध करवाने, धोलिया गांव के लिए 33 केवी से 11 केवी लाइन को श्रीडूंगरगढ़ 33केवी से जोड़ने, लिखमीसर उत्तरादा के लिए 132 केवी बाधनू से 33 केवी लाइन का कार्य प्रारंभ करने, जालबसर भोजास 33 केवी का काम शुरू करने, मणकरासर व दुसारना बड़ा जीएसएस पर ट्रांसफार्मर रखवाकर सप्लाई शुरू करने, पूनरासर व जाखासर 132 केवी का कार्य पूरा करवाने, बींझासर व राजपुरा फीडर का काम पूरा करवाने, बीझांसर के लिए घरेलू कनेक्शनों के पूरे वोल्टेज के लिए गांव के बीच में ट्रांसफार्मर लगाए जाने, कितासर 132 केवी से बिग्गाबास रामसरा के लिए स्वीकृत लाइन चालू करवाई जाने, बिग्गाबास रामसरा से पाटवाणियां जीएसएस शीतलनगर का काम शुरू करवाने, लिखमादेसर जीएसएस में चार नबंर फीडर को दो भागों में बांटने, पूरे क्षेत्र में शाम 5 बजे से 11 बजे तक बिजली कटौती तुरंत बंद किए जाने, वहीं जमीन कुर्की पर रोक लगाने, देराजसर 33 केवी जीएसएस का रूका हुआ कार्य पूरा किया जाने, नारसीसर अंडरब्रिज जो नारसीसर से कुचोर मार्ग पर स्वीकृत है उसका कार्य प्रारंभ करवाए जाने की मांग की।
बनी सहमति, दो दिवसीय शिविर होगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रबी 2022-23 मुआवजे से वंचित किसानों के लिए पंचायत मुख्यालय पर पटवारियों द्वारा दिनांक 26-27 जुलाई को रहकर किसानों से डाटा लेने की मांग पर सहमति बनी। शेष समस्याओं पर भी चर्चा हुई व ट्रांसफार्मर शीघ्र दिए जाने का आश्वासन भी दिया गया।






