






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जून 2023। किसानों के लिए बड़ी खबर कृषि भवन नई दिल्ली से आई है। सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीद की तिथि 14 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। सहकारी समिति के व्यवस्थापक राजेश खीचड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की मांग पर केन्द्र सरकार ने सरसों खरीद की तिथि 30 जून से बढ़ाकर 14 जुलाई कर दी है। बता देवें बारदाने की कमी के चलते खरीद प्रभावित हो रही थी और इससे किसान खासा परेशान थे। स्थानीय विधायक की दखल से राजफैड बीकानेर से 2000 बैग समिति को प्राप्त हुए जिससे मंगलवार को मंडी में सरसों की तुलवाई हो पाई। हालांकि 10 गांठो में 5000 बैग मिलने वाले थे परंतु ये संख्या 2 हजार तक ही पहुंच पाई। अनेक किसानों की सरसों तुलवाई हो संभव हो सकी। ध्यान रहें कलकत्ता से रवाना हुआ बारदाना ट्रक इलाहाबाद पहुंच गया है व गुरूवार शाम तक श्रीडूंगरगढ़ पहुंच जाएगा। वहीं समिति के खरीद प्रभारी किशोर शर्मा ने कहा कि कल शाम तक बारदाना आने पर किसान शुक्रवार सुबह माल लेकर मंडी आए तो उन्हें सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि बारदाने की कमी के चलते अनेक किसानों की सरसों की ढेरी करवा ली गई वहीं तुलवाई भी हो रही है। मंगलवार को भाजपा ने भी बारदाना की आपूर्ति पूरी करने के लिए ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।



