May 20, 2026
0000010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2023। आगामी 15 अक्टूबर को घट स्थापना के साथ शक्ति व भक्ति का पर्व नवरात्र उत्सव प्रारंभ हो जाएगा। युवाओं सहित नागरिकों ने उत्साह के साथ तैयारियों प्रारंभ कर दी है। घर घर विभिन्न अनुष्ठानों के साथ मंदिरों में भी अनेक आयोजन होंगे।
होगा जलसा का भव्य आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के तेरापंथ भवन ऊपरलो में 16 अक्टूबर को रंगारंग “जलसा” गरबा व डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया जाएगा। युवा दीपक सेठिया ने बताया कि जलसा के आयोजन में खाने पीने के साथ विभिन्न उपहार भी प्रतिभागियों के लिए दिए जाएंगे। जमकर गरबा व डांडिया खेला जाएगा। युवा टीम ने जोश के साथ आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी है।
दधीमाता मंदिर में होंगे अनूठे आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास में स्थित दधीमाता मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ डांडिया व नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पुजारी योगेश आसोपा ने बताया कि मंदिर में नौ दिन विशेष पूजा अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 15 अक्टूबर से अखंड ज्योत के साथ करीब 300 श्रद्धालुओं की अखंड ज्योत पूजन के साथ मंदिर में की जाएगी। जो श्रद्धालु किसी कारणवश अपने घरों में अखंड ज्योत नहीं कर पाएंगे वे मंदिर में अपना नाम लिखवा कर दीपक का पूजन करवा ज्योत करवा सकेंगे। मंदिर में 9 दिन रोजाना 51 किलो दूध से माता का अभिषेक व पूजन किया जाएगा। पूरे नवरात्रा में यहां कन्याओं के लिए भंडारा चलेगा जिसमें प्रतिदिन करीब सैंकड़ो बालिकाएं भोजन करेगी। आसोपा ने बताया कि 20 व 21 अक्टूबर को नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 20 को मंदिर में एकल व ग्रुप डांस प्रतियोगिता का आयोजन होगा जिसमें विभिन्न स्कूलों की टीमें भी भाग लेगी। 21 को डांडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी से जुड़े युवा तैयारियों में जुट गए है।
श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार माताजी मंदिर में होगा रक्तदान, मंगलपाठ का होगा आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्वर्णकार माताजी मंदिर में 24 अक्टूबर को श्रीसावित्री मानस चरित्र महामंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11.30 बजे मंगलपाठ प्रारंभ होगा जिसमें प्रसिद्ध गायक रविश कठातला व सोनम कठातला द्वारा पाठ का संगीतमय गायन की प्रस्तुति देंगे। वहीं इसी दिन मंदिर प्रांगण में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। श्रीमैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश कड़ेल ने बताया कि समाज समिति व नवयुवक संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इसी दिन यहां सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा।