






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 सितंबर 2024। क्षेत्र में एक विवाहिता को उसके पड़ोसी ने नशे की दवा खिलाकर उसके अश्लील फोटो लिए व दुष्कर्म किया। उसके बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक उसे प्रताड़ित करते हुए देह शोषण किया। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से विवाहिता ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह परिवार से अलग अपने पति के साथ रहती है। उसका पति मजदूरी करने बाहर जाता रहता है और पड़ोसी आरोपी उस पर गलत नजर रखता है। जिसका ओलमा उसने कई बार उसे दिया और उसे अपने घर आने से मना कर दिया। 25 अगस्त को आरोपी रात को करीब 10 बजे उसके घर में जबरदस्ती घुसा और उससे जबरदस्ती दुष्कर्म किया। परिवादिया के शोर मचाने पर उसका पति व एक अन्य जना जो घर में ही सो रहे थे, भाग कर आए तो आरोपी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकियां देते हुए भाग गया। पति के पूछे जाने पर पीड़िता ने उसे बताया कि 2021 में आरोपी ने अपनी पत्नी के हाथ प्रसाद भेजा जिसमें नशे की गोलियां मिलाई हुई थी। प्रार्थिया ने प्रसाद खा लिया जिससे वह नशे में गहरी नींद में सो गई। आरोपी रात को घर में घुसा और उसके सारे कपड़े उतारकर उसके अश्लील फोटो खींच लिए व उसके साथ दुष्कर्म किया। परिवादिया को जब होश आया तो उसने आरोपी को इसका ओलमा दिया तो उसने हल्ला करने पर अश्लील फोटो वायरल कर समाज में बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इज्जत के डर से वह चुप रही। आरोपी उसकी पति की अनुपस्थिति में उसे फोटो वायरल करने की धमकी देकर दो साल से देह शोषण कर रहा था। कई बार उसने फोटो डीलिट करने की गुहार लगाई पर आरोपी नहीं माना। जब वह देह शोषण के लिए मना करती तो आरोपी उसके साथ लड़ाई झगड़ा कर उसे बदनाम करने की धमकियां देने लगता। दोनों पक्षों में राजीनामा की बात चली परंतु 2 सितंबर को आरोपी ने राजीनामा करने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई धर्मपाल को दी है



