May 20, 2026
WhatsApp Image 2023-06-24 at 8.19.03 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जून 2023। खाजूवाला में हुई शर्मनाक घटना पर श्रीडूंगरगढ़ के युवाओं ने बीकानेर जाकर आक्रोश जताते हुए जिलाकलेक्टर को ज्ञापन दिया। कांग्रेसी नेता केसराराम गोदारा ग्रामीणो के साथ वोल्टेज की समस्या का समाधान करने की मांग लेकर पहुंचे वहीं एक खबर सांसद लोकसेवा केंद्र से आई है। पाठकों के लिए तीनों खास खबरें एक साथ।

भीम आर्मी ने खाजूवाला हत्याकांड का जताया विरोध।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाजूवाला में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के शर्मनाक अपराध के बाद जिले भर में घटना का विरोध हो रहा है। आज भीम आर्मी के युवाओं ने जिलाकलेक्टर के नाम ज्ञापन देते हुए प्रदर्शन किया। जिले के सभी उपखंडों से एकत्र पदाधिकारियों ने प्रकरण की शीघ्र जांच करने, नामजद आरोपी में शामिल दूसरे कांस्टेबल को भी नौकरी से बर्खास्त करने, सभी को गिरफ्तार करने की मांग की। आर्मी के श्रीडूंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष संदीप जयपाल ने कड़े शब्दों में घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को शीघ्र व सख्त सजा देने की बात कही। इस दौरान आर्मी के टिक्कूराम मेघवाल, हरि रीड़ी, राधे आजाद, रामचंद्र चिनिया, जितेंद्र आजाद, मनोज रावण, हरिराम बारूपाल, छगन रावण मौजूद रहें। ध्यान रहें पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश विश्नोई की सूचना देने वाले को 25 हजार के बजाय 40 हजार रूपए ईनाम राशि देने की घोषणा की है।

सांसद से सीधी बात।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केन्द्रीय मंत्री व बीकानेर सांसद आज वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी से सीधी बात में अनेक मुद्दों पर बातचीत करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण आज रात 9 बजे आज तक चैनल पर आएगा। बता देवें विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर हुई चर्चा में मेघवाल सरकार संबंधी अनेक प्रश्नों के उत्तर देंगे।

कम वोल्टेज पर जताई आपत्ति, बिजली ने किया परेशान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज दिन भर कस्बे सहित ग्रामीण अचंल में बिजली ने नागरिकों को खासा परेशान किया। तेज गर्मी के चलते कस्बे में नागरिक यहां वहां फोन करके बिजली की शिकायतें करते रहें। वहीं प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ग्रामीणों के साथ 220केवी सब स्टेशन श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे और कम वोल्टेज की शिकायत की। ग्रामीणों ने रीड़ी 132 केवीजीएसएस, ऊपनी 132 केवी जीएसएस से जुडे सभी गांवों में कम वोल्टेज की समस्या का निस्तारण करने की मांग की। विभाग के एससी भीखाराम ने 15 दिन में समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।