






उदरासर के खिलाड़ियों ने वुशू खेल में 8 गोल्ड व 4 रजत जीत लिए है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 सितंबर 2024। मार्शल आर्ट के खेल वुशू में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में वैद्य मघाराम राउमावि, उदरासर की 8 छात्राओं ने स्वर्ण व 4 ने रजत पदक जीत लिए है। टीम प्रभारी श्रवण सारस्वत ने बताया कि बीकानेर के एनडी मॉडर्न स्कूल में संपन्न हुई प्रतियोगिता में उदरासर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मार्शल आर्ट के खेल वुशू के सीनियर छात्रा वर्ग के 40 किलाभार वर्ग में जशोदा स्वामी, 70 किलो भार वर्ग में पूजा गोदारा ने गोल्ड जीते। वहीं जूनियर छात्रा वर्ग के 40 किलो भार वर्ग में ममता शर्मा,60 किलो भार वर्ग में रामकला गोदारा, 52 किलो भार वर्ग में अर्चना गोदारा, 70 किलोभार वर्ग में मोनिका गोदारा ने गोल्ड जीत लिया है। वहीं छात्र वर्ग में 70 किलो भार वर्ग में कमल गोदारा, 48 किलो भार वर्ग में पवन नाई ने गोल्ड हासिल किया है। वहीं 4 ने रजत पदक जीते है। विजेताओं को शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य व अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अनिल बोड़ा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। ये खिलाड़ी बाड़मेर में आयोजित राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल के दुलदास स्वामी ने बताया कि यह मार्शल आर्ट खेल वुशू प्राय: मेट और गद्दों पर खेले जाने वाला खेल है। परंतु उदरासर के बच्चों ने संसाधनो के अभाव में कोच श्रवण सारस्वत के मार्गदर्शन में बालू रेत में कड़ी मेहनत करते हुए लगातार दूसरी बार जिला स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में जीत दर्ज की है। खिलाड़ियों के उदरासर पहुंचने पर स्कूल में उनका स्वागत सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य सुषमा सैन ने विजेताओं को बधाई देते हुए नियमित अभ्यास करने की प्रेरणा दी।
बाडेला की बालिकाओं का स्टेट टीम में सलेक्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बाडेला की 14 वर्षीय बालिका टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड जीत लिया वहीं इस टीम की लिछमा पुत्र महेंद्र खाती, अनिता पुत्र कानाराम राईका व संपत्ति पुत्र भंवराराम गोदारा का स्टेट टीम में सलेक्शन हो गया है। कोच बलराम खत्री ने बालिकाओं को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा दी।
दीपक ने कुश्ती में हासिल किया गोल्ड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के निकटवर्ती राजेरा गांव निवासी दीपक पुत्र हनुमान सारस्वत ने जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के 57 किलो भार वर्ग में गोलड हासिल किया है। गांव के पवन सारस्वत ने बताया कि दीपक कबड्डी टीम में भी शामिल था व इस टीम ने जिला स्तर में रजत पदक जीता। वहीं 14 वर्षीय कबड्डी के छात्र वर्ग में राजेरा की टीम विजयी रही। हैप्पी मिशन शिक्षण संस्थान के अमानीराम फौजी सहित अनेक ग्रामीणों ने दीपक को बधाई देते हुए स्टेट में श्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा दी।






