






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 मई 2023। शिक्षा विभा से कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर आई है। विभाग ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत E-MIAS Portal पर सत्र 2023-24 के लिए विद्यार्थियों हेतु ऑनलाइन नॉमिनेशन प्रारंभ करवाने हेतु दिशा-निर्देश जारी कर दिए है। आदेश के अनुसार विज्ञान व प्रौद्यौगिकी विभाग नई दिल्ली एवं नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, गुजरात द्वारा 10 से 15 वर्ष के स्कूली बच्चों में सृजनात्मक/नवाचारी सोच विकसित करने के उद्देश्य से इन्सपायर अवार्ड मानक योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना देश भर में स्कूली विद्यार्थियों के श्रेष्ठ मौलिक व सृजनात्मक विचारों को संबल प्रदान करती है जो कि सामाजिक आवश्यकताओं एवं उपयोगिता की कसौटी पर खरे उतरते है। वर्ष 2023-24 हेतु ऑनलाईन नॉमिनेशन आज 1 मई से 31 अगस्त तक करवाया जा सकेगा। प्रत्येक विद्यालय से पांच श्रेष्ठ नवाचारी विचार प्रस्तुत किए जा सकेंगे। चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।



