






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 फरवरी 2025। जयपुर से बीकानेर जाने के दौरान बुधवार को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख शासन सचिव डॉ गायत्री राठौड़ व नवनियुक्त जनस्वास्थ्य निदेशक डॉ रविप्रकाश शर्मा औचक निरीक्षण करने उपजिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल का निरीक्षण करते हुए डॉ राठौड़ ने स्थान की कमी का जिक्र किया तो अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी ने उन्हें नए भवन निर्माण की चर्चाओं से अवगत करवाया। उन्होनें मात्र सात चिकित्सकों के ही कार्य पर होने की बात कही तो प्रभारी ने बताया कि सात डाक्टरों की नियुक्ति है। डॉ बिहाणी ने बताया कि निदेशक से अस्पताल में फिजिशियन व महिला चिकित्सक की सख्त जरूरत की बात कही। इस पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोनों अधिकारियों से भर्ती महिला मरीजों के परिजनों ने महिला चिकित्सक की मांग उठाते हुए शीघ्र नियुक्ति करवाने की मांग की। डॉ बिहाणी ने उन्हें नए उपजिला व ट्रोमा सेंटर निर्माण के लिए स्थान देखने का आग्रह भी किया। परंतु दोनों अधिकारी बीकानेर में दौरे के दौरान शामिल होने के लिए कुछ ही देर में बीकानेर रवाना हो गए। इस दौरान उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ एसके बिहाणी, डॉ ओपी स्वामी, डॉ एसएस नांगल सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा व अस्पताल संबंधी विभिन्न जानकारियां दी।




