






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मार्च 2023। आगामी 22 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के शुभ अवसर पर हिन्दू नववर्ष के आगमन का स्वागत श्रीडूंगरगढ़वासी ऐतिहासिक ढंग से करेगें। यहां नववर्ष के मौके पर हर घर, हर गली में भगवा लहराने की योजना कार्यकर्ताओं ने बनाई है एवं इस कार्य हेतु विहिप का अस्थाई कार्यालय हाईस्कूल रोड पर एक्सीस बैंक के पास बनाया गया है। शुक्रवार को इस कार्यालय का उदघाटन विहिप जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी ने किया व स्वामी ने कार्यकर्ताओं को सर्मपित भाव से धर्म एवं समाज के लिए समय निकालने एवं अपने अपने कर्तव्य निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रखण्ड अध्यक्ष भंवरलाल दुग्गड़ ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने को कहा। विदित रहे कि विहिप, बजरंगदल एवं हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा 22 मार्च से पहले घर घर भगवा पताकाएं पहुंचाई जाएगी व 30 मार्च को रामनवमी के मौके पर भव्य धर्म यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 30 मार्च को धर्मयात्रा श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम से रवाना होकर मुख्य मार्गों से होते हुए सिंधी पार्क में पूर्ण होगी। शुक्रवार को उदघाटन कार्यक्रम में धर्मयात्रा सहित सभी आयोजनों की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को अलग अलग बांटी गई। उदघाटन के दौरान महेश माली, प्रखण्ड मंत्री संतोष बोहरा, नवरत्न राजपुरोहित, वासुदेव सारस्वत, भैराराम डूड़ी, मूलचंद पालीवाल, हनुमान घिंटाला, गणेश जांगीड, रामेश्वरलाल सारस्वत, परमेश्वर सुथार, अनमोल मोदी, अनिल वाल्मिकी, मोती राजपुरोहित, फतेहसिंह जांगिड़, अमित पारीक, लालचंद राजपुरोहित, देवीसिंह, राहुल, अशोक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर कस्बे में हिंदू नववर्ष के मौके पर 22 मार्च की शाम को ऐतिहासिक भजन संध्या एवं जागरण भी आयोजित किया जाएगा। भैंरू भक्त मंडल द्वारा आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में संत प्रकाशदास महाराज एवं मास्टर नानू भजनों की प्रस्तुतियां देगें। यूट्यूब पर प्रख्यात भजन गायक संत प्रकाशदासजी को 22 मार्च को कस्बे के गौरव पथ पर आयोजित कार्यक्रम में लाईव सुनने के लिए क्षेत्र के संगीतप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं में जोरदार उत्साह है।




