May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-08-02 at 11.51.52

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जुलाई 2025। कानून के लंबे हाथ चोरों के गिरेबान तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रहें है और पूरे जिले में चोर अनेक वारदातों को अंजाम दे रहें है। चोरी के बाद पीड़ितों ने चोरों के पकड़े जाने व सामान बरामदगी की उम्मीदें छोड़ दी है। पीड़ित मायूस होकर बार बार पुलिस के आला अधिकारियों के यहां पेश होकर चोर पकड़ने की मांग करते नजर आते है। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में हुई बड़ी चोरियों के मामले में पीड़ितों ने जयपुर तक चक्कर लगाए है, पर नतीजा ढाक के तीन पात ही निकला है। जिससे आमजन में भय और चोरों के पौबारा पच्चीस की स्थिति बन गई है। चोरी की वारदात की प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए प्राय हर थाने में पीड़ित परेशान ही नजर आते है। घरों में चोरी के साथ ऑनलाइन फ्रॉड के मामले भी खूब बढ़ रहें है। ये खबर जिले के नागरिकों को सर्तक व सावधान रहने के लिए, जिले भर के थानों में शुक्रवार को दर्ज हुए आधा दर्जन से ली गई है। पांचू थाने में कुदसू निवासी रामनिवास उर्फ आसुराम पुत्र मनीराम बिश्नोई ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके घर में घुसकर दो चोरों ने घर में रखी संदूक का ताला तोड़कर संदूक में से एक लाख रूपए नगदी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल आदि सामान चोरी कर लिए। जसरासर थाने में कुकणिया निवासी पूजा कुवर पुत्री रघुवीरसिंह राजपूत ने अज्ञात चोर द्वारा ऑनलाइन ओटीपी लेकर उसके खोत से 1,99,998 रूपए धोखाधड़ी से काट लिए। बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में शायर खान पुत्र भीखमखान ने अपने गांव जाने के बाद गली नबंर 1 में स्थित अपने मकान के ताले तोड़कर चोरों द्वारा घर में रखी नगदी व गहने चोरी कर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया। सदर थाने में सागर रोड निवासी चमनलाल पुत्र किशोरीलाल हरिजन ने अपनी पूर्णसिंह सर्किल के पास भ्रमण पथ पार्क के गेट के पास खड़ी अपनी स्पलेडंर बाइक चोरी हो जाने की जानकारी देकर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जेएनवीसी थाने में गोलछा चौक निवासी राजेंद्र चोरडिया पुत्र भंवरलाल चोरड़िया ने अपने गुवाहाटी प्रवासी अपने जीजा के मकान के ताले तोड़ कर बाथरूम में लगे नल, किचन के नल, सिलेण्डर, बर्तन, कमरों के हैंडल खोल कर चोरी कर ले जाने के आरोप में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जेएनवीसी थाने में ही पंचारिया कॉलोनी निवासी जसपाल पुत्र जयनारायण शर्मा ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि उसके बंद मकान से ताला तोड़कर किसी ने बाथरूम के नल, अन्य समान चोरी कर लिए। बीछवाल थाना में आवासीय कॉलोनी निवासी आरएसी की महिला कांस्टेबल सरिता पत्नी लक्ष्मीनारायण मेघवाल ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि 31 जुलाई को आरटीओ ऑफिस के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उसके साथ छीनाझपटी कर सोने की चेन छीन कर ले गए व उसे मारने की कोशिश की। खाजूवाला थाने में 2 एमडब्ल्यूएम निवासी प्रेम पुत्र गुरदयाल परिहार ने तहसील परिसर के पास खड़ी अपनी डिलक्स बाइक चोरी हो जाने की रिपोर्ट देकर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।