






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जून 2020। कोरोना के खतरे के दौरान भी राजफेड एवं वेयरहाउसों के मध्य समन्वय की कमी के कारण श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सरकारी सर्मथन मूल्य के खरीद केन्द्र पर सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही है। खरीदे गए माल का उठाव नहीं होने से खरीद एंजेसी ने खरीद प्रक्रिया को धीमा कर दिया है एवं किसानों को मंडी में प्रवेश करने की जद्दोजहद में सफलता मिलने के बाद भी तीन से चार दिनों तक अपना माल तुलवाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सोमवार को जाम की स्थिति के बाद मंगलवार को भी मंडी के बाहर भीड़ होने की जानकारी के बाद उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार न्योल श्रीडूंगरगढ़ मंडी पहुंचें एवं व्यवस्थाएं जमाने के लिए मंड़ी सचिव को पाबंद किया। न्योल ने मंडी प्रांगण में कहीं पर भी कोरोना जागरूकता के पोस्टर व सावधानियों, अनिवार्यता आदि का प्रचार प्रसार नहीं होने पर नाराजगी भी जताई व मंगलवार शाम तक ही मंडी के समस्त दुकानों के आगे पोस्टर एवं मंडी प्रांगण में बड़े बैनर लगवाने को पाबंद किया। इस दौरान खरीद केन्द्र पर भीड़ नहीं लगने देने एवं मंडी में आने वाले किसानों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करवाने के लिए खरीद एंजेसी श्रीडूंगरगढ़ क्रय विक्रय सहकारी समिति को पाबंद किया। उपखण्ड़ अधिकारी ने खरीद केन्द्र पर चार दिनों से अपना माल तुलवाने के इंतजार में बैठे एक परेशान किसान का माल पर तुरंत कांटा लगवाया व खरीद ठेकेदार को किसानों को कम से कम इंतजार करवाने एवं शीघ्रता से तुलवाई करवाने के निर्देश दिए।
नहीं है राजफेड के पास संतोषजनक जवाब।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंडी पहुंचे उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार न्योल के सामने जब किसानों ने सरकारी खरीद के लिए नम्बर आने के बाद भी मंडी में प्रवेश के लिए आने वाली दिक्कतों, प्रवेश के बाद तुलवाई में तीन चार दिनों तक नम्बर नहीं आने की दिक्कतों का उल्लेख किया तो न्यौल ने राजफेड के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। लेकिन राजफेड के अधिकारियों के पास भी कोई संतोष जनक जवाब नहीं है। न्योल ने राजफेड अधिकारियों को स्थानीय हालातों की जानकारी देते हुए शीघ्र माल उठाव को सुनिश्चित करवाने, वेयरहाउसों में खरीद एंजेसियों की गाड़ियां खाली करवाने के लिए व्यवस्था सुचारू करवाने की बात कही है। न्योल ने यह व्यवस्था नहीं सुधरने तक आस पास की खाली पड़ी मंडियों नापासर, लूणकरणसर में किसानों का नम्बर शिफ्ट करने का सुझाव भी दिया है। लेकिन न्योल के सुझावों पर राजफेड के अधिकारी जवाब नहीं दे पाए एवं आज कल में व्यवस्था सुधरवा देने की बात कह कर टालमटोल करते रहे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स में प्रकाशन के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरकारी सर्मथन मूल्य पर खरीद के लिए श्रीडूंगरगढ़ मंडी में सैंकडों वाहनों के साथ किसानों के पहुंचने से हो रही अव्यवस्था को श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद श्रीडूंगरगढ़ प्रशासन गंभीर हुआ है। सोमवार को सुबह जाम की खबर लगाने के बाद सीओ धर्माराम गिला ने पुलिस कार्मिकों को निर्देशित करते हुए ट्रेफिक व्यवस्था के लिए लगाया एवं मंडी के बाहर बीदासर रोड पर जाम खुलवाया। वहीं मंगलवार को भी मंडी में भीड़ होने की स्तिथि में उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार न्योल मंडी पहुंचे एवं व्यवस्थाएं बनाने के लिए सक्रियता दिखाई। न्योल ने लोगों को कोरोना के खतरे के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया।






