






जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, जताया विरोध, दर्ज करवाई आपत्ति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को ग्राम पंचायत पुन्दलसर को पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ में रखे जाने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा व आपत्ति दर्ज करवाई। मंडल सदस्यों ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के नजदीक की ग्राम पंचायत पुन्दलसर को पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ से हटाकर दूर की नवसृजित पंचायत समिति रीड़ी में मिलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि ये परिसीमन स्थानीय ग्रामीणों की सुविधाओं के अनुरूप नहीं है और प्रशासनिक दृष्टि से ग्राम पंचायत पुन्दलसर के निवासियों के साथ अन्याय किया गया है। ग्रामीणों ने जनहित में निर्णय लेते हुए इसे श्रीडूंगरगढ़ में ही रखे जाने की मांग की। विदित रहें ग्रामीणों विधायक, सांसद सहित स्थानीय प्रशासन व जिला प्रशासन तक अपनी आपत्ति दर्ज करवाई गई है।

रानासर हंसावतान या नरूकान में बने ग्राम पंचायत मुख्यालय, की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नवसृजित ग्राम पंचायत जाखासर भोमसिंहवतान का प्रस्ताव प्रकाशित किया गया है। जिसमें गुरूवार को गांव रानासर हंसावतान व रानासर नरूकान के ग्रामीण हरिराम बारूपाल की अगुवाई में अपनी आपत्ति दर्ज करवाने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों गांवो की जनसंख्या व आबादी क्षेत्र जाखासर भोमसिंहवतान से अधिक है। नया मुख्यालय गांवो से 4 किलोमीटर दूर है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए निर्णय स्वीकार्य नहीं है और इसमें परिवर्तन किया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि नई ग्राम पंचायत का मुख्यालय रानासर हंसावतान या रानासर नरूकान में बनाया जाए अन्यथा उन्हें पूर्व की भांति ग्राम पंचायत कुनपालसर में ही रखा जाए। क्योंकि कुनपालसर से दोनों गांवो की दूरी 2 किलोमीटर है। इस दौरान उपसरपंच भोपालसिंह, श्रवण मेघवाल, रामराम शर्मा, दिलीप सिंह, दीपसिंह, सांवताराम, चंद्राराम सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहें।

पांचो बासो के ग्रामीणों ने रीड़ी का सीमांकन दुबारा करने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत सूडसर, टेऊ, दुलचासर, देराजसर के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को उपखंड अधिकारी उमा मित्तल को ज्ञापन सौंपकर रीड़ी पंचायत समिति का सीमांकन दुबारा करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने राजनीतिक द्वेषतापूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए इन ग्राम पंचायतों को श्रीउूंगरगढ़ में ही शामिल किए जाने की मांग की। इस दौरान पूर्व माकपा सचिव अशोक शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि दुलचासर मोडाराम महिया, टेऊ सरपंच सुनील, देराजसर सरपंच गोविंदराम, सूडसर सरपंच प्रतिनिधि कालूराम, टेऊ उपसरपंच लालूराम सारण, शेखर रैगर, कैलाश भादू, मनीष नायक, गिरधारी भादू, मोहन दसानीय सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहें।



