May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-08-27 at 8.40.17 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अगस्त 2024। श्रीडूंगरगढ़ की राजनीति में मंगलवार को आपसी धूर विरोधी नेताओं में भी एक दूसरे का सम्मान करने की स्वस्थ परम्परा देखने को मिली। यहां मंगलवार को पंचायत समिति की साधारण सभा बैठक प्रधान सावित्री देवी गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें विधायक बनने के बाद पहली बार बैठक में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत भी शामिल हुए एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों, ब्लाक स्तरीय अधिकारियों से रूबरू होकर क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही। विधायक के पहली बार पंचायत समिति की साधारण सभा बैठक में शामिल होने पर प्रधान प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के पुत्र केशराराम गोदारा ने उनका साफा पहना कर एवं शाल ओढ़ा कर अभिनंदन व सम्मान किया। बैठक में विधायक सहित उपखंड अधिकारी उमा मित्तल, विकास अधिकारी मनोज कुमार, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा भी उपस्थित रहे एवं उनके सामने ही ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने बिजली-पानी विभागों के अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के आक्रोश को देखते हुए विधायक ताराचन्द सारस्वत ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सभी अधिकारी बैठक में बताई गई ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करे। यह समस्याए आगामी बैठक में रिपीट नही होनी चाहिए। विधायक ने पानी-बिजली की समस्याओ का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

यह मुद्दे गूंजे जोरों से।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में बिजली पर चर्चा के दौरान जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू ने किसानों को 15 महीनों से ट्रांसफार्मर नही मिलने, गोपालसर में भुगतान जमा करवाने के बाद भी लाईन शिफ्टिंग नही करने पर रोष जताया। ऊपनी जिला परिषद सदस्य ने ऊपनी के उतरादी कांकड़ में नए 33केवी जीएसएस की स्वीकृति के लिए दो बार पत्रावलियां भेजने के बाद भी स्वीकृति नहीं देने पर नाराजगी जताई। सुरजनसर सरपंच ओमप्रकाश सारस्वत ने गत 1.5 वर्षों से गांव में स्वीकृत 34 पाेल बदलने, केबल बदलने की मांग की। बिग्गाबास रामसरा सरपंच लक्ष्मणराम जाखड़ ने सातलेरां में 6 दिनों से जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। बैठक में धीरदेसर चोटियान सरपंच रामचन्द्र चोटियां ने शहीद स्मारक के पास स्थित नलकूप की लाइन जोड़ने, पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश नायक ने लखासर के राजपूतों के मोहल्ले में विद्युत कनेक्शन करने, बिग्गा सरपंच जसवीर सारण ने 33 केवी जीएसएस पर पहुंचा हुआ ट्रांसफार्मर स्थापित करने, सतासर सरपंच सुनील मलिक ने लालासर में नई लाइन डालने के लंबित कार्य को पूर्ण करने, सांवतसर सरपंच महिराम धारणियां ने लोहे के विद्युत पोल बदलने, बिंझासर सरपंच मुखराम नैण ने गांव राजपुरा की विद्युतत समस्या का समाधान करने, हरिराम गोदारा ने ऊपनी गांव में वोल्टेज व पेयजल समस्या का समाधान की मांग की। इसी प्रकार पेयजल मुद्दे पर गांव ऊपनी में बने हुए दो टयुबवैलों का कनेक्शन करवाने, नायकों के मोहल्ले में खराब पड़े टयुबवैल को सही करवाने, सांवतसर में छह माह से बुस्टर की लंबीत मांग को पुरा करने, धनेरू सरपंच मोहनलाल स्वामी ने विधायक कोष से बने दो टयुबवैलों का निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद भी कनेक्शन नहीं करने पर रोष जताया एवं जल्द कनेक्शन करवाने, गजपुरा गांव में टयुबवैल से गांव को जोड़ने, इंदपालसर में टयुबवैल में गिरी हुई मोटर को निकलवाने की मांग की गई।

सूडसर में सोलर प्लांट में खेजड़ी काटने का भी उठा मुद्दा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंचायत समिति सदस्य सुशिला विश्नोई ने साधारण सभा बैठक में सूडसर सोलर प्लांट में मई में सैंकड़ों खेजड़ी के पेड़ काट देने एवं इस संबध में राजस्व विभाग की मौका रिपोर्ट, मुकदमा होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाही नहीं होने पर रोष जताया गया है। विश्नोई ने इस संबध में प्रस्ताव लेकर राज्य सरकार को भेजने एवं आरोपियों का पोलीग्राफ टेस्ट करवा कर सैंकड़ों पेड़ों के हत्यारों को सजा देने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केशराराम गोदारा ने किया विधायक सारस्वत का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव गंभीरता से लेने के निर्देश देतेे विधायक तारांचद सारस्वत
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में मौजूद रहे बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिजली की सुनवाई नहीं होने पर राेष जताया अधिकारियों ने।