






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 अगस्त 2025। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA) राजस्थान राज्य कमेटी का 13वाँ तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन शुक्रवार को गंगाशहर स्थित आशीर्वाद भवन में आरंभ हुआ। सम्मेलन स्थल को कॉमरेड श्योपत सिंह मक्कासर नगर, मंच को कॉमरेड पूर्णानंद व्यास द्वार और कॉमरेड पुष्पा खड़कावत मंच नाम दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य अध्यक्ष कॉमरेड कमला मेघवाल द्वारा ध्वजारोहण एवं शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई। सम्मेलन में प्रदेशभर से विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के पहले दिन सुबह रैली निकाली गई, जो बीकानेर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर डाक बंगला, गांधी पार्क होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में “महिला अत्याचार बंद करो”, “स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए”, “महंगाई पर लगाम लगाओ”, “माइक्रो फाइनेंस की लूट बंद करो” जैसे नारे गूंजे। स्वागत सत्र में स्वागत समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने सभी प्रतिनिधियों एवं आमंत्रित अतिथियों का अभिनंदन किया। इस सत्र में विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने सम्मेलन को संबोधित कर एकता की आवश्यकता पर बल दिया। समिति की राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले ने माइक्रो फाइनेंस की लूट, बढ़ती महंगाई और ऋण के जाल में फंसती महिलाएं देश की गंभीर सामाजिक चुनौती बताई। मंजूलता ने महिला अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ सामूहिक संघर्ष की जरूरत बताई। प्रदेश महासचिव दुर्गा स्वामी ने ग्रामीण महिलाओं की दुर्दशा और खेतिहर महिला मज़दूरों के शोषण की बात उठाई। सम्मेलन में खेत मजदूर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रामरतन बगड़िया ने भूमिहीन महिलाओं को संगठित कर भूमि अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष किए जाने की जरूरत जताई। सम्मलेन में छगनलाल चौधरी, कॉमरेड हरदेव, किशन मेघवाल ने सामाजिक समस्याओं पर विचार व्यक्त किए। राज्य अध्यक्ष कमला मेघवाल ने कहा कि “महिला अत्याचार पर सख्त कार्रवाई और बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।” प्रदेश महासचिव डॉ. सीमा जैन ने बिजली की बढ़ती दरों, स्मार्ट मीटर की मनमानी और महिला विरोधी नीतियों पर संघर्ष की रूपरेखा प्रस्तुत की। सम्मेलन के आगामी दो दिनों में विभिन्न सत्रों में राज्यभर से आई महिला प्रतिनिधियों द्वारा समाज में महिलाओं की स्थिति, जनविरोधी नीतियों, निजीकरण, बेरोजगारी, व स्वास्थ्य-संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की आगामी रणनीति और जन संघर्षों की कार्ययोजना तय की जाएगी। श्रीडूंगरगढ़ से पूर्व विधायक के साथ उनकी युवा टीम सम्मेलन की व्यवस्थाओं में जुटी है और अपनी सेवाएं दे रही है।




