






आरटीई में कल तक करनी है चयनित को रिपोर्टिंग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए लॉटरी में चयनित अभ्यर्थियों को 15 अप्रैल तक संबंधित स्कूलों में ऑनलाइन रिपोर्टिंग करनी होगी। नर्सरी और पहली कक्षा में निशुल्क प्रवेश के लिए 25 मार्च से 7 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन लिए थे। प्रदेशभर से 3.14 लाख अभ्यर्थियों ने राज्य के 31500 निजी स्कूलों में प्रेवश के लिए ऑनलाइन विकल्प भरा है। लॉटरी में वरीयता क्रम निर्धारित होने के बाद प्रथम चयनित विद्यालय की ओर से 9 से 21 अप्रैल तक आवेदन पत्रों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। 9 से 24 तक दस्तावेजों में संशोधन और आवेदन पत्रों की पुन जांच 28 अप्रैल तक होगी।
कल से सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक रहेगा कोर्ट का समय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर के आदेशानुसार उच्च न्यायालय तथा बीकानेर सहित सभी अधीनस्थ न्यायालयों का समय 15 अप्रैल से सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक कोर्ट का समय रहेगा। एडवोकेट अनिल धायल ने जानकारी देते हुए बताया कि पीठासीन अधिकारी सुबह 8 बजे से 12.30 बजे तक मामलों की सुनवाई करेंगे एवं सुबह 7.30 से 8 बजे तक व दोपहर 12.30 से 1 बजे तक चैम्बर्स में कार्य करेंगे। न्यायालयों का परिवर्तित समय 15 अप्रैल से 27 जून तक रहेगा। टी टाइम सुबह 10.30 बजे से 10.45 तक रहेगा।
शिक्षा विभाग ने बच्चों में मोटापे के लिए बनाई एडवाइजरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सकूली बच्चों के मोटापे पर चिंता जताई थी। शिक्षा विभाग ने एक दिन पहले एक आदेश जारी कर मोटापे को लेकर एक एडवाइजरी जारी की दी है। अब स्कूलों में छात्र छात्राओं को पोष्टिक ळभोजन के बारे में संगोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए जानकारी दी जाएगी। 17 बिंदुओं की एडवाइजरी जारी की है। कार्यवाहक माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने राज्य के सभी संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा को 17 बिंदुओं की एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश दिए है। बच्चों में मोटापा कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। जैसे की ह्रदय रोग, मधुमेह और सांस लेने में परेशानी आदि। विभाग ने पोष्टिक भोजन के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक करने के संबंध में विभिन्न गतिविधियां, संगोष्ठी और प्रतियोगिताएं, समूह चर्चा आयोजित कर विद्यार्थियों को कम तेल का पौष्टिक खाना खाने के बारे में अवगत कराया जाएगा।
आज से बढ़ेगा तापमान, कल से हीटवेव की चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गर्मी से राहत रविवार को तेज धूप के कारण खत्म हो गई है। मौसम विभाग ने 14 अप्रैल तापमान बढ़ने व 15 अप्रैल से भीषण गर्मी के संकेत दिए है। 15 से हीटवेव चलने की संभावना विभाग ने जताई है। अप्रैल में लू का दूसरा चरण प्रारंभ होगा और तापमान 46 डिग्री के पार जाएगा। आसमान साफ रहेगा और तपती गर्मी में धूप व लू से बचाव की सलाह दी गई है।



