May 20, 2026
आने वाला सप्ताह सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा? जानिए राजगुरु रामदेव उपाध्याय के साथ।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2022। नूतन सप्ताह विक्रम संवत् 2079, ज्येष्ठ कृष्णा 14/अमावस्या, वार – रविवार , दिनांक- 29-05- 2022 से आरंभ होकर ज्येष्ठ शुक्ला 5/6, शनिवार , दिनांक- 04-06- 2022 तक रहेगा । आइए जानते हैं मेष आदी 12 राशियों के लिए यह सप्ताह कैसा रहेगा ?

पाठकों के संशय की निवृत्ति हेतु विशेष-
जातक अपनी जन्म राशि से राशिफल देखें या प्रचलित नाम से राशिफल देखें ?
विवाह में, सभी संस्कारों में, यात्रा में ,ग्रहगोचर विचार में, जन्म राशि से विचार करना चाहिए नाम राशि से नहीं।
गृह कार्य में, ग्राम वास विचार में, मंत्र ग्रहण करने में, युद्ध के विचार में ,नौकर रखने में, नौकरी करने में नाम राशि से विचार किया जाता है जन्म राशि से नहीं।
यथोक्तं –
विवाहे सर्वसंस्कारे यात्रायां ग्रहगोचरे।
जन्मराशि प्रधानत्वं नामराशिं न चिंतयेत् ।। गृहे ग्रामे तथा मन्त्रे युद्धे वा स्वामिसेवके । नामराशि प्रधानत्वं जन्मराशिं न चिंतयेत् ।।

1.मेष
चू-चे-चो-ला, ली-लू-ले-लो-अ ( अश्विनी १-४, भरणी १-४, कृत्तिका-१)
मेष राशि के जातकों के लिए सप्ताह के रविवार से मंगलवार तक के मध्य में आर्थिक नुकसान की संभावनाएं प्रतीत हो रही है। किंतु बुधवार से शुक्रवार दोपहर तक आर्थिक लाभ का योग भी बन रहा है। शनिवार को पेट दर्द से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। अतः आहार ग्रहण करते समय विशेष ध्यान रखें।

2. वृषभ
ई-उ-ए ,ओ-वा-वी-वू , वे-वो (कृत्तिका २-४, रोहिणी १-४, मृगशिरा-१-२)
वृषभ राशि के जातकों के लिए सप्ताह आरंभ मध्यम रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। किंतु बुधवार से शुक्रवार दोपहर तक किसी आर्थिक नुकसान से भी इंकार नहीं किया जा सकता है अतः सावधान रहें। इस सप्ताह आपकी राशि में यात्रा का योग भी बन रहा है। शनिवार श्रेष्ठ ही रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं।

3. मिथुन
का-की,कु-घ-ड़-छ,के,को,ह (मृगशिरा-३-४, आर्द्रा १-४, पुनर्वसु १-३)
मिथुन राशि के जातकों को सप्ताह के आरंभ में कोई अप्रिय संदेश प्राप्त होने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। एवं इस सप्ताह में आय की तुलना में खर्च की मात्रा अधिक रहने या फिजूल खर्च से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। यथासंभव सप्ताह के शुभारंभ हेतु भगवान गणेश जी की आराधना से सप्ताह की शुरुआत करें। एवं पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था करें।

4.कर्क
ही,हू-हे-हो-डा, डी-डू-डे-डो (पुनर्वसु-१,पुष्य-१-४,आश्लेषा १-४)
कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह के आरंभ में लाभप्रद योग बन रहा है। किंतु सप्ताह का मध्यकाल कष्टप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। किसी अप्रिय समाचार मिलने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। किसी से भी यथासंभव वाद- विवाद न करें अन्यथा आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

5. सिंह
मा-मी-मू-मे, मो-टा-टी-टू- टे (मघा-१-४, पूर्वाफाल्गुनी-१-४, उत्तराफाल्गुनी-१)
सिंह राशि के जातकों के लिए सप्ताह की सुखद शुरुआत के साथ ही सप्ताह का मध्यकाल लाभप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं किंतु सप्ताह के शुक्रवार एवं शनिवार किसी अमंगल का संकेत दे रहे है। अतः शुक्रवार को सफेद वस्त्र धारण करें। शनिवार को बालाजी की उपासना करें एवं गाय को गुड़ एवं घास खिलाएं।

6.कन्या
टो-प-(प्र)-पी,पू- ष-ण-ठ,पे-पो (उफा.-२-४,हस्त-१-४,चित्रा-१-२)
कन्या राशि के जातक सप्ताह के आरंभ में स्वयं को भयग्रस्त एवं चिंतित महसूस करेंगे। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें एवं तनाव मुक्त रहने का प्रयास करें। किन्तु बुधवार से शनिवार तक का समय सुखद एवं लाभप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं।

7.तुला
रा-री,रू-रे-रो-ता,ती-तू-ते
(चित्रा-३-४, स्वाति-१-४, विशाखा-१-३)
तुला राशि के जातको के लिए सप्ताह आरंभ में शारीरिक कष्ट उत्पन्न हो सकते हैं। इस सप्ताह कलहकारी योग से भी इंकार नहीं किया जा सकता हैअतः वाद-विवाद से यथासंभव बचें एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। शुक्रवार एवं शनिवार सुखद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं।

8.वृश्चिक
तो,ना-नी-नू-ने,नो-या -यी-यू
(विशाखा-१, अनुराधा-१-४, ज्येष्ठा-१-४)
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए इस सप्ताह के आरंभ में मान- सम्मान के साथ ही धन प्राप्ति की संभावनाएं प्रतीत हो रही है। किंतु सप्ताह के मध्य में शारीरिक कष्ट भी उत्पन्न हो सकते हैं अतः सावधान रहें। शत्रु आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं अतः सावधान रहें। शुक्रवार एवं शनिवार को विशेष सावधानी बरतें अन्यथा किसी नई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

9.धनु
ये- यो- भ-भी,भू- ध- फ -ढ-,भे
(मूल-१-४,पूर्वाषाढ़ा-१-४,उत्तराषाढ़ा-१)
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह आर्थिक दृष्टिकोण से लाभप्रद रहने वाला है। किंतु शत्रुओं से विशेष सावधान रहें अन्यथा वे आपको किसी भी प्रकार से नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि वे अपनी कोशिश में असफल ही रहेंगे। शुक्रवार एवं शनिवार को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

10. मकर
भो-जा-जी, खी-खू-खे-खो, ग-गी
उत्तराषाढा २-४,श्रवण- १-४, धनिष्ठा-१-२)
मकर राशि के जातक यदि कोई नया या विशेष निर्णय लेने की योजना बना रहे हैं तो कृपया उसे मंगलवार तक के लिए उसे यथासंभव टालने का प्रयास करें अन्यथा आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। एवं किसी से भी वैर-विरोध आदि न करें अन्यथा आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि बुधवार से शनिवार तक का समय श्रेष्ठ ही रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं।

11. कुंभ
गू-गे,गो-सा-सी-सू, से- सो-द
(धनिष्ठा-३-४, शतभिषा-१-४,पू.भा.-१-३,)
कुंभ राशि के जातकों को सप्ताह के आरंभ में पेट दर्द या गैस संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आपके द्वारा निर्मित योजनाएं आपकी लापरवाही से असफल भी हो सकती है। कृपया अपने कार्य क्षेत्र में विशेष ध्यान रखें। हालांकि सप्ताह के शुक्रवार और शनिवार का समय सुखद एवं लाभप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। बुधवार के दिन भगवान गणेश जी को हरे रंग की दूर्वा एवं लड्डू अर्पण करें।

12. मीन
दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची (पूभा.-१, उ.भा.-४, रेवती- ४)
मीन राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत आर्थिक दृष्टिकोण से लाभप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। किंतु सप्ताह के मध्य में उदर विकार , शत्रुओं से व्यवधान आदी अनेक प्रकार के अनर्थ की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। एवं शुक्रवार और शनिवार को विशेष सावधान रहें अन्यथा आप द्वारा निर्मित समस्त योजनाएं विफल हो सकती है। बुधवार को भगवान गणेश जी की विशेष आराधना करें।
विशेष- इस सप्ताह यदि कोई विशेष कार्य करने जा रहे हैं तो कृपया उसके लिए सोमवार एवं मंगलवार ही उपयुक्त दिवस है अन्य दिनों में यथासंभव बचने का प्रयास करें । किंतु साथ ही कार्य के अनुरुप मूहुर्त विचार अवश्य करें।