May 21, 2026
00000000000000000000

दुलचासर में पिलाया आयुर्वेदिक काढ़ा, डेंगू से बचाव का अभियान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सर्दी की आहट के साथ ही क्षेत्र डेंगू एवं मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है एवं आमजन में परेशानी व भय का माहौल है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सक्रिय होते हुए इनसे बचाव के लिए आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाने का क्रम शुरू किया गया है। राजकीय आयुर्वेद औषधालय दुलचासर में चिकित्साधिकारी डा जेपी चौधरी की अगुवाई में दो दिवसीय क्वाथ वितरण शिविर शनिवार से शुरू हुआ। डा चौधरी ने बताया कि पहले दिन 1750 लोगों को काढ़ा पिलाया गया। डॉ चौधरी ने बताया कि आयुर्वेद  सिद्धांत के अनुसार  शरद ऋतु में पित का प्रकोत बढ़ा जाता है एवं अभी फैल रहे डेंगू एवं अन्य मौसमी बुखार में पित की प्रधानता ही होती है। जिस  कारण इनसे बचाव एवं उपचार के लिए पितशामक चिकित्सा का सहारा लिया जाता है। इसी चिकित्सा के आधार पर आयुर्वेदिक दवा मुस्तक, पाठा, पर्पटक, किरातिक्त, गुडुची, द्राक्षा, खजूर आदि पित शामक औषधियों  से युक्त ज्वरनाशक क्वाथ तैयार करके आमजन को पिलाया जा रहा है। दानदाताओं के सहयोग से आयोजित इस शिविर के दौरान देवीलाल छरंग, श्रीभगवान नाई, धर्मेंद्र स्वामी, श्रवण सारण, अशोक सुथार, प्रियेश,  मनोज नाई, राजू सोनी, छगन मुन्धङा, विजय बाहेती, गुलराज, जयनारायण, भागीरथ स्वामी, नीतेश, जेठाराम सुथार आदि ग्रामीण सहयोगी बने। शिविर के तहत रविवार को भी सुबह 9 बजे  से दोपहर 2 बजे तक काढ़ा वितरण किया जाएगा।

जारी है योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर, शहरवासी ले रहे है स्वास्थ्य लाभ।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के दिवंगत समाजसेवी धर्मचंद्र पुगलिया की स्मृति में आचार्यश्री तुलसी महाप्रज्ञ साधना संस्थान द्वारा तेरापंथ भवन में आयोजित किए जा रहे 25 दिवसीय निशुल्क योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने वाला बन रहा है। शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह 1 घंटा योग कक्षा एवं उसके बाद दिन में प्राकृतिक चिकित्सा का क्रम चल रहा है। शनिवार को योग कक्षा के दौरान क्षेत्र में विभिन्न योग कार्यक्रमों में सहयोग करने वाले जगदीश प्रसाद धूपड एवं शंकरलाल भूंवाल का अभिनंदन किया गया। योग शिक्षक ओमप्रकाश कालवा ने बताया कि इस खियांराम सोनी, रामधन मीणा, सहयोगी योग शिक्षक राकेश कुमार पडिहार, दामोदर बोहरा, वरिष्ठ प्राकृतिक चिकित्सक डॉ राधेश्याम पारीक, सहयोगी प्राकृतिक चिकित्सक रवि प्रकाश पारीक आदि उपस्थित रहे।

 

श्रीडूंगरगढ़ में भी होगा मतदान, शुक्रवार को दाखिल किए गए नामांकन, पढ़ें दिसम्बर में होने वाले चुनावों की खबर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे में ट्रेड यूनियन मान्यता के लिए आगामी 4 से 6 दिसंबर तक चुनाव आयोजित होगें एवं इस चुनाव में मतदान केन्द्र श्रीडूंगरगढ़ में भी बनाया गया है। उत्तरी पश्चिमी रेलवे जोन में इस चुनाव के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ ने शुक्रवार को अपना पहला नामांकन दाखिल कर दिया है। चुनाव के पीसीपीओ और रिटर्निंग अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, सीपीओ और एआरओ राजीव सिंह ने  नामांकन स्वीकार किया। इस मौके पर चारों डिविजनों के बड़ी संख्या में संघ से जुड़े रेलवे कार्मिक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ के जोनल महामंत्री विनोद मेहता ने कहा संघ द्वारा सदैव कर्मचारियों के बीच रहकर कर्मचारी हित में काम किए जाने की बात कही एवं जोनल अध्यक्ष एसआई जेकब ने अपने पदाधिकारीयो से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर बीकानेर डिवीजन से मंडल मंत्री इस्पाक खान, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा, सयुंक्त महामंत्री विजय सिंह भाटी, सहायक महामंत्री शौकत अली कोहरी, रतनगढ़ शाखा सचिव सीताराम  गोदारा, आदि भी मौजूद रहे। अकेले बीकानेर डिवीजन में वर्कशॉप सहित 10610 कर्मचारियों के वोट पड़ेंगे। जिसके लिए बीकानेर डिवीजन में 23 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इसी क्रम में रतनगढ़ ब्रांच के वोटो के मतदान के लिए टीटीएम रेस्ट हाउस श्रीडुंगरगढ़, हेल्थ यूनिट रतनगढ़, एसएससी वर्क्स बीकानेर, एसएससी पीवे चुरु को मतदान केन्द्र बनाया गया है। रतनगढ़ शाखा सचिव सीताराम गोदारा ने बताया कि संघ द्वारा कर्मचारी हित में किए गए सार्वजनिक कार्यों के कारण संघ को कर्मचारियों का पूर्ण समर्थन मिलेगा।