






अयोध्या पदयात्रियों ने 1000 किमी यात्रा पूरी की, किया प्रवासियों ने सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से अयोध्या के लिए रवाना हुए पैदल यात्रियों ने शनिवार को यात्रा के 21 वें दिन करीब 1000 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर ली है। श्रीडूंगरगढ़ निवासी व लखीमपुर खीरी प्रवासी दानदाता भंवरलाल सोनी व सुरेश राजोतिया ने लखनऊ पहुंच कर पैदल यात्रियों का सम्मान किया। दोनों ने गांव से पैदल अयोध्या यात्रा पर आने के लिए पदयात्रियों की सराहना करते हुए फुलमालाएं पहना कर शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। बता देवें ये पदयात्री अब अयोध्या से 101 किलोमीटर दूर है। ये सभी 7 जनवरी को रामलला के दर्शन करेंगे। सभी ने मिलकर रामलाल के जयकारे भी लगाए।

राजकीय महाविद्यालय में हुआ पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में शनिवार को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य महावीरनाथ ने बताया कि विद्यार्थियों में पाठ्यक्रम में शामिल विषयों की समझ एवं समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रचनात्मक व कलात्मक कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए कॉलेज आयुक्तालय के देशा निर्देशों के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्साह के साथ बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने भाग लिया। कॉलेज स्टाफ ने पोस्टर्स का अवलोकन किया व छात्र छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टर्स की सराहना की। पोस्टर्स बनाने वाले विद्यार्थियों को पुरसकृत भी किया गया।

मोहल्ले में सात दिनों से पेयजलापूर्ति बाधित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेसोमूं स्कूल के आस पास के घरों के करीब सात दिनों से पेयजलापूर्ति बाधित है। मोहल्लेवासियों ने जलदाय विभाग के जेईएन को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की। मोहल्लेवासियों ने बताया कि गत कई माह से मोहल्ले में मात्र 5 से 10 मिनट सप्लाई आ रही है जिससे महंगे दामों पर टैंकर मंगवा कर आपूर्ति करनी पड़ रही है जिससे आमजन बुरी तरह से परेशान है।



