May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ में हाइवे पर अवैध शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अगस्त 2025। हाइवे पर अवैध शराब के साथ श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उससे अवैध शराब जब्त की। हैड कांस्टेबल भगवानाराम ने बताया कि सोमवार को हाइवे पर गांव हेमासर के निकट मोमासर बास निवासी नरेंद्र वाल्मिकी को अवैध शराब बेचने की फिराक में पकड़ कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 46 पव्वे अवैध ढोला मारू देशी शराब जब्त की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को सौंप दी है।
आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले के लूनकरणसर थाना क्षेत्र में कांकड़वाला की रोही में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने के कारण एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक के पिता देवीलाल पुत्र फुसाराम लूहार ने पुलिस को बताया कि बालक सोमवार को खेत में अपने ताऊ के साथ मोठ की फसल में निनाण कर रहा था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बालक ईश्वरराम की मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अनूपसिंह को दी है।
नींद में चलने की बीमारी के कारण तालाब में गिरा 8 वर्षीय बालक, हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एक 8 वर्षीय बालक नींद में चलने की बीमारी के चलते तालाब में गिर गया और उसकी मौत हो गई। कोलायत थाना क्षेत्र में कोटा निवासी प्रसाद पुत्र हनुमान फुलमाली ने पुलिस को बताया कि उसका 8 साल का बेटा गणेश नींद में उठकर कपित सरोवर तालाब की ओर चला गया व अंधेरा होने के कारण पानी में गिर गया। जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच एएसआई जयसिंह को दी है।