May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-06-08 at 21.10.13

जिला कलेक्टर करेंगी जनसुनवाई, होगी रात्रि चौपाल।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि का गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ दौरा प्रस्तावित है। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने बताया कि जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि द्वारा कल सुबह 11 बजे पंचायत समिति परिसर में जनसुनवाई की जाएगी। वहीं गांव ठुकरियासर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। मित्तल ने बताया कि जनसुनवाई व चौपाल में सभी विभागों के उपखंड स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।

श्रीडूंगरगढ़ के दानदाताओं ने बीकानेर में दिए एसी दान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महापुरुष समारोह समिति के बैनर तले पीबीएम अस्पताल में श्रीडूंगरगढ़ के दानदाताओं ने 6 एयरकंडीशनर दान दिए। समिति अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन के आग्रह पर 6 एयर कंडीशनर मय स्टेबलाइजर शिशु एवं नर्सरी वार्ड में मरीजों की सुविधा हेतु प्रदान किए गए। मंगलवार को इनका लोकार्पण पीबीएम परिसर में सरदार पटेबल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ गुंजन सोनी, पीबीएम अधीक्षक डॉ पीके सैनी, डॉ सुरेन्द्र वर्मा, डॉ परमेन्द्र सिरोही, डॉ स्वाति फलोदिया की उपस्थित में किया गया। समिति के मंत्री सुशील सेरडिया ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के मालचंद इन्द्रचन्द राठी, सूरजमल सत्यनारायण तोषनीवाल, जुगलकिशोर दीपक कुमार मूंधड़ा गुड़गांव, इन्द्रचन्द मांगीलाल लूणिया, बाबूलाल राजकुमार बाफना, प्रेमसुख भोजराज प्रजापत ने एक-एक एयर कंडीशनर मय स्टेबलाइजर में अपना आर्थिक सहयोग दिया। इस दौरान तुलछीराम चोरड़िया, डॉ मदन सैनी, डॉ नोरंग महावर, डॉ सारिका स्वामी, सत्यदीप भोजक, तिलोकचंद गहलोत, विजय महर्षि, कुम्भाराम घिंटाला, डॉ कृष्णा प्रजापत सहित अनेक मौजिज लोग मौजूद रहें। कार्यक्रम का संचालन विजयराज सेवग ने किया और कोषाध्यक्ष निर्मल पुगलिया ने सभी का आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दानदाताओं ने पीबीएम में दिया एसी का दान।

गोदारा परिवार में युवाओं द्वारा मैडल हासिल करने पर की गोसेवा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुसारणा पिपासरिया निवासी पेमाराम गोदारा के पोत्र और रामप्रताप के रामस्वरूप और रमेश ने काठमांडू,नेपाल में आयोजित फर्स्ट इंटरनेशनल ओपन कराटे चैंपियनशिप में 1-1 सिल्वर व 1-1 ब्रांज मैडल हासिल किए। इस मौके पर परिवार द्वारा कोटासर की श्रीकरणी गोसेवा समिति प्रांगण  में गो वंश के लिए 15 मण तरबूज की सेवा दी है। समिति परिवार ने गोदारा परिवार को बधाई देते हुए सहयोग के लिए आभार जताया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गोदारा परिवार ने दिया गोसेवा में सहयोग, समिति ने दी बधाई।

गर्मी ने किया परेशान, 20 जून के बाद होगी मानसून की एंट्री।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने पर तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो गई है। बुधवार को सुबह से ही तेज गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। लोग घरों में दुबके नजर आए और दोपहर में गलियां सुनसान नजर आई। बता देवें मौसम विभाग के अनुसार गुरूवार को लू का दौर चल सकता है। 15 जून से हवाएं तेज होंगी पर बादलों की आवाजाही नहीं होगी। बता देवें 20 जून के बाद कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है। 25 जून से पहले ही यानी 20 जून के बाद कभी भी एंट्री ले सकता है।

सरस घी की कीमतों में गिरावट।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उतपादक संघ लिमिटेड उरमूल डेयरी ने सरस काऊ और प्लेन घी की कीमतों में गिरावट की है। कीमतों में बदलाव केवल 15 किलो पैकिंग पर किया गया है। इसका असर एक किलो पैकिंग पर नहीं पड़ेगा। उसकी कीमतें यथावत रहेगी। उरमूल डेयरी के प्रबंध संचालक बाबूलाल विश्नोई ने बताया कि 15 किलो काऊ घी की कीमत अब 9045 रूपए से घटाकर 8745 रूपए कर दी है। इसी प्रकार सरस प्लेन की कीमत भी 8745 से घटाकर 8445 की है।