






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 मई 2022। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की समस्त खबरों के साथ आप पढें आम जन जीवन को प्रभावित करने वाली खबरें हर रोज सुबह केवल एक कॉलम में जिससे किसी जानकारी के लिए अनेक माध्यमों की परेशानी से आप मुक्त हो सकें व प्रामाणिक व विश्वसनीय खबरों से जुड़े। पूर्ण सत्यता के साथ आप अपने काम की जानकारियों व अपने क्षेत्र की खबरों से जुड़ सकेंगे श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ जुड़ कर।
बीकानेर में दिन दहाड़े हुई लाखों की लूट, पुलिस ने की नाकाबंदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर दिन दहाड़े फायनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से लूट की वारदात सामने आई है। घटना कुछ देर पहले ही जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई। थानाधिकारी महावीर प्रसाद विश्नोई ने बताया कि निजी फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ लूट की वारदात हुई है। एजेंट ने दी रिपोर्ट के अनुसार वह नापासर से कलेक्शन लेकर बाइक पर बीकानेर लौट रहा था। इसी दौरान गाढ़वाला से पहले बोलेरो में आए बदमाशों ने उसके साथ लूट की वारदात की। परिवादी के अनुसार उसकी बैग में करीब तीन लाख रूपए थे। सूचना पर थानाधिकारी सहित एएसपी अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। चारों तरफ नाकाबंदी करवाई गई। हालांकि थानाधिकारी का कहना है कि अभी तक घटना की सत्यता की जांच की जा रही है। आरोपियों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
बीकानेर में हुई फायरिंग, पांच जनों को किया राउंड अप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर में नयाशहर थाना क्षेत्र की सर्वोदय बस्ती में आपसी बोलचाल को लेकर जानलेवा हमला व फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना में एक जने के पैर में चोटें आई है। पुलिस ने इस मामले में पांच संदिग्धों को राउंड अप किया है। नयाशहर थाना पुलिस के अनुसार, परिवादी श्याम सुंदर जाट पुत्र रामकिशन की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी अनिल बिश्नोई, नरेश बिश्नोई, मूलचंद सारण, दीपू काली पहाडी, विराट शर्मा, रोहित अरोडा व दो–तीन अन्य जने तलवार, सरिये व अवैध पिस्टल लेकर उसके घर में घुस आए और जान से मारने की नीयत से उसके भाई सीताराम के बारे में पूछने लगे। इस दौरान अनिल बिश्नोई ने फायर किया जिससे उसके पिता रामकिशन का पैर जख्मी हो गया। वहीं, नरेश ने कैम्पर गाडी चढाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही है। इसी के चलते यह घटना हुई है।
आठवीं बोर्ड परीक्षा में हिंदी के पेपर में मिलेंगे बोनस अंक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आठवीं बोर्ड परीक्षा में हिंदी के पेपर में रामधारी सिंह दिनकर की कविता भगवान के डाकिए पाठ को कोर्स से हटाये जाने के बाद भी पूछे गये प्रश्न के विद्यार्थियों को अब बोनस अंक मिलेंगे। इस संबंध में पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं के पंजीयक पालाराम पावता ने आदेश जारी कर प्रश्न संख्या 16 के लिये निर्धारित 3 अंक परीक्षार्थियों को बोनस अंक प्राप्तांक के रूप में देने के निर्देश कॉपी जांच करने वाले व्याख्याताओं को दिए है। दरअसल कोरोना को देखते हुए पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत की कटौती की गई थी। 8वीं कक्षा के हिंदी के कोर्स से रामधारी सिंह दिनकर की कविता वाला पाठ हटा दिया गया था। प्रश्न अलंकार का भी पूछा गया है। जबकि अलंकार व्याकरण में नहीं है।विदित रहे कि आठवीं की बोर्ड की परीक्षा 17 मई तक चलेगी। अगले रविवार 8 मई को सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध, जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के संबंध में जागरूकता के उद्देश्य से गुरुवार को रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा जिला प्रशासन, जिला उद्योग केंद्र तथा नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्घाटन जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि कार्यशाला आमजन में सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों तथा इनके विकल्प के रूप में पर्यावरणीय अनुकूल उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूकता पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि विकास के साथ ऐसी चीजें तैयार ना हों, जो वातावरण को प्रदूषित करें तथा इनके दूरगामी बुरे प्रभावों हों। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण, उत्पादन, विक्रय और परिवहन प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके बाद सिंगल यूज़ प्लास्टिक से संबंधित आदेशों की अवलेहना करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने आह्वान किया कि आमजन सिंगल यूज प्लास्टिक के वैकल्पिक उत्पादों को अपनाएं। इससे पर्यावरण भी संरक्षित और सुरक्षित रहेगा।
एलआईसी आईपीओ के पहले दिन दो तिहाई शेयरों के लिए बोलियां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एलआईसी के आईपीओ को पहले ही दिन बुधवार शाम तक 67% शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। बिक्री के लिए पेश 16.20 करोड़ शेयरों के मुकाबले 10.86 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। पहले दिन बोली लगाने वालों में पॉलिसीधारक आगे रहें। पॉलिसीधारकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों के 1.99 गुना शेयरों की बोलियां लगाई। कर्मचारियों का रिजर्व हिस्सा 1.17 गुना सब्सक्राइप हुआ। सरकार को आईपीओ से 21 हजार करोड़ रूपए मिलने की उम्मीद है।



