






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 मई 2025। हवा के साथ हल्की बरसात ने क्षेत्रवासियों को गर्मी से राहत दी है। मौसम में ठंडक ने तपती गर्मी में सुकुन दिया है। अलसुबह क्षेत्र के गांव बिग्गा, बरजांगसर व सोनियासर गोदारन सहित आस पास के गांवो में हल्की बरसात हुई है। बादल अभी भी आसमान में छाए है और मौसम सुहावना है। बिग्गा रोही के किसान बुधाराम जाखड़ ने बताया कि बारिश से गर्मी में राहत मिलने के साथ ही ये हल्की बरसात मूंगफली बिजाई में लाभदायक होगी। बरजांगसर के रामलाल सियाग व सोनियासर गोदारन के विजयपाल गोदारा ने बताया कि बिजाई के समय ये हल्की बरसात भी फायदा ही देगी। ग्रामीणों ने कहा कि तपती गर्मी से राहत मिलना सुखद लग रहा है। बता देवें मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक तेज आंधी, बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। विभाग ने राज्य में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अनेक भागों में मेघगर्जन, तेज आंधी आकाशीय बिजली, वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। विभाग ने दक्षिण पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 5 से 7 मई के दौरान तीव्र मेघगर्जन, आंधी के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई है।







