May 20, 2026
6f4ccef82986a67d847fcef9f24

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 दिसम्बर 2020। गांवो में नवनिर्वाचित प्रधान का 51 हजार, 21 हजार, 11 हजार रुपयों के नोटों की मालाएं पहनाने का दौर चल रहा है और ऐसे में गांव सांवतसर में प्रधान को विश्नोई समाज ने पर्यावरण का महत्व जताते हुए हरे वटवृक्ष का पौधा उपहार में देकर एक नई मिसाल दी। बता देवें विश्वभर में विश्नोई समाज वन व वन्य जीवों के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाले समाज के रूप में पहचाना जाता है। अपनी परंपरा को निभाते हुए सभी अतिथियों को किसी शामियाने में नहीं बिठा कर वटवृक्ष के नीचे बिठाया गया। सांवतसर में मौका था पंचायत समिति की नव निर्वाचित सदस्य सुशीला देवी धारणियां के सम्मान समारोह का। यहां जीव प्रेमी शहीद निहालचंद की प्रतिमा को प्रधान सावित्री देवी गोदारा, पंचायत समिति सदस्य जसोदा देवी, प्रधान पति केसरा राम गोदारा ने पुष्पांजलि अर्पित की। सम्मान सभा को संबोधित करते हुए केसराराम गोदारा ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विकास कार्य करवाने में वन्य जीव एवं वनस्पति के जीवन की सुरक्षा का ध्यान रखने का वादा किया। गांव में अनेक ग्रामीणों ने केसराराम को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। जीव रक्षा संस्था के जिलाध्यक्ष मुखराम धारणियां और श्रीडूंगरगढ़ तहसील अध्यक्ष कैलाश धारणियां ने केसराराम गोदारा व श्रीराम भादू को भी पौधा उपहार में दिया। राजाराम धारणियां ने विचार व्यक्त करते हुए महिला शिक्षा को बढ़ावा देने पर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा की महिला शिक्षा से ही ग्रामीण भारत का विकास संभव है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नवनिर्वाचित प्रधान ने जीव प्रेम शहीद निहालचंद को पुष्पांजलि अर्पित की।