






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अप्रैल 2025। शिक्षक संघ राष्ट्रीय के बैनर तले जिला स्तरीय सामाजिक समरसता और बाबा साहेब अंबेडकर प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन मंगलवार को आदर्श विद्या मंदिर के सभागार में संपन्न हुआ। संगोष्ठी में सामाजिक समरसता व सामाजिक न्याय के बारे में डॉ. बीआर अंबेडकर के दर्शन पर विस्तृत चर्चा की गई। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री व सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने सभी समाजों को एकता के सूत्र में बंधकर रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि अंबेडकर दर्शन से प्रेरणा लेकर सभी समाज देशहित में अपने अपने दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करें। सांसद ने कहा कि बाबा साहेब ने ना केवल भारत के संविधान निर्माण में अमूल्य योगदान दिया, बल्कि समाज में व्याप्त भेदभाव, असमानता और विखंडनकारी शक्तियों के विरुद्ध भी सशक्त आवाज़ उठाई। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता संघ के प्रदेश सभाध्यक्ष संपतसिंह ने विषय को विस्तार दिया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को समरस भारत के शिल्पकार बताते हुए कहा कि अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि समता, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उन्होंने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी जहां बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिले। उनका जीवन संघर्ष इस बात का प्रमाण है कि एक सशक्त राष्ट्र तभी बनता है जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी मुख्य धारा में सम्मानजनक स्थान मिले। आज उनके विचार हमें जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर एक समरस, सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। विश्वकर्मा बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने शिक्षकों से आव्हान किया कि बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता से परिपूर्ण राष्ट्र का निर्माण करने में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए आगे बढ़ने का कार्य में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करे। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए आसाराम पारीक ने अंबेडकर को हिंदू समाज महान नेता बताया जिन्होंने समरस और सशक्त भारत की नींव रखी। संगोष्ठी में सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत ने भी विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी के मंच पर केंद्रीय मंत्र अर्जुनराम, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रामगोपाल सुथार, ओबीसी जिलाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाई, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, आरएसएस के खंड कार्यवाह आसाराम पारीक, सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत मंच पर रहें। शिक्षक संघ राष्ट्रीय की उपशाखा श्रीडूंगरगढ़ कार्यकारिणी के मंत्री पवन शर्मा ने सभी उपस्थित अतिथियों व संभागियों सहित विशेष सहयोग के लिए डॉ चंद्रप्रकाश बारूपाल का आभार जताया। इस दौरान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि आचार्य, जिलाध्यक्ष मोहन भादू, जिला संगठन अध्यक्ष लेखराम गोदारा, प्रदेश उपाध्यक्ष ओम बिश्नोई, मंडल अध्यक्ष ओम रोड़ा, जिला महिला मंत्री श्रीमती चंद्रकला आचार्य शामिल हुए। संगोष्ठी में मंच संचालन अनिल कुमार सोनी ने किया व बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी वर्ग ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।






