






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अप्रैल 2025। धर्मयात्रा के मार्ग में हर गली की चौखट पर सेवादार उमड़ आए और धर्मयात्रा में शामिल यात्रियों की खूब सेवा की गई। ताल मैदान से रवाना होते ही युवाओं ने सामूहिक सहयोग से ठंडी छाछ, रानी बाजार में व्यापारियों ने सामूहिक सहयोग से ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम की अनेक स्थानों पर सेवा यात्रियों को दी गई। मुख्य बाजार से घुमचक्कर तक अनेक स्थानों पर छाछ, शरबत, आइसक्रीम व ठंडा पानी की व्यवस्थाएं की गई। सेवादारों ने खूब मनुहार कर यात्रा में शामिल लोगों को पानी, कोल्ड ड्रिंक, छाछ पिलाई। मुस्लिम समुदाय ने खूब मन से सेवाएं दी और साम्प्रदायिक सौहार्द की जबरदस्त मिसाल पेश करते हुए सभी की सराहना बटोरी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष ईमरान राईन, मुमताज राईन, अबू साहिल, सत्तार राईन, मुन्ना राईन, जावेद बेहलीम, इकबाल धोबी, जेठाराम, संपत सारस्वत, शिवमणि सोमानी ने सभी का स्वागत किया। मुस्लिम समुदाय के लोगों व छतों पर से महिलाओं ने गुलाब के फुलों की पुष्पवर्षा की। पानी की टंकी के पास मित्र मंडली द्वारा जोरदार सेवा दी गई जिसमें 2 क्विंटल से अधिक गुलाब की पुष्पवर्षा की गई। हजारो पैकेट छाछ और लस्सी के बांटे गए। यहां मंडल के गज्जू माली, सद्दाम कायमखानी, ईशु चोरड़िया सहित मित्र मंडली के सभी सदस्य सक्रिय रहें और सेवाएं दी। विश्वकर्मा मंदिर के सामने विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष परमेश्वर सुथार, राजेंद्र जांगिड़, बजरंग सुथार, पार्षद भरत सुथार, पूनमचंद सुथार, सीताराम लेखराव, बनवारी सुथार सहित नागरिकों ने धर्मयात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के खिदमतगारों ने धर्मयात्रा में शामिल सभी लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। सोसायटी के सदस्यों ने सभी यात्रियों को ठंडे पानी की सेवा दी। रैली पूर्ण होने के समय भी शहीद हेमू कालानी पार्क के सामने ही सिंधी पंचायत एवं महिला मंडल द्वारा ठंडे जलजीरे की सेवा दी गई। समाज के लोग सक्रिय रहें व मनुहार के साथ यात्रियों को सेवा दी। पूरे मार्ग में हो रही सेवा के कारण यात्री खूब आनंदित हुए व कड़ी धूप व गर्मी में भी कहीं कोई थकान व प्यास महसूस नहीं की। यात्रियों ने सेवादारों का खूब आभार भी जताया।













