May 21, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2025। स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर बढ़ते विरोध के चलते सरकार की बिजली कंपनी डिस्कॉम अब बैकफुट पर आ गई है। प्रदेश भर में पारंपरिक मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की योजना का जबरदस्त विरोध सामने आया। आमजन इस विरोध में जुड़ने लगा। कांग्रेस ने भी इसे मुद्दा बना लिया। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में भी किसानों ने पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। ऐसे में सरकार ने अब नॉन स्मार्ट लगाए जाने की स्वीकृति दी है। डिस्कॉम चेयरमैन आरती डोगरा ने इस संबंध में संशोधित आदेश जारी किए है। आदेशों के अनुसार स्मार्ट मीटर केवल उन्हीं फीडरों पर लगाए जाएंगे जहां स्मार्ट मीटर कार्य स्थापना, प्रगति या पूर्ण हो चुका है। यहां नए कनेक्शन के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। शेष क्षेत्रों में संबंधित डिस्कॉम पारंपरिक मीटरों का उपयोग कर स्थापना करेगा। जिन फीडरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू नहीं हुआ है वहां संबंधित डिस्कॉम नॉन स्मार्ट मीटर ही लगेंगे। जबकि संशोधित आदेशों से पहले के प्रावधानों के अनुसार सभी एसडीओ में AMISP द्वारा नए कनेक्शन केवल स्मार्ट मीटर के साथ ही जारी किए जाने की बात कही गई है।