May 22, 2026
evee

सेवा बस्ती की 251 कन्याओं का पूजन कर, दिए उपहार। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को सेवा भारती समिति श्रीडूंगरगढ़ द्वारा योगी निश्चलनाथजी महाराज के सान्निध्य में सेवा बस्ती की 251 कन्याओं का पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया। समिति के आग्रह पर अनेक नगर वासी यजमान के रूप में पहुंचे व प्रति एक ने 9-9 कन्याओं का सपरिवार पूजन किया। पूजन के दौरान वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ कन्याओं का पांव प्रक्षालन करते हुए तिलक करके उन्हें चरण रक्षा सूत्र बांधा गया। सभी बालिकाओं का मुंह मीठा करवाया गया। उसके पश्चात सभी यजमानों द्वारा कन्याओं को भोजन करवाया गया तथा प्रत्येक कन्या को फल और उपहार भेंट देकर पूजन पूर्ण किया गया। इस दौरान समिति सदस्य सक्रिय रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निश्चलनाथजी महाराज ने कन्याओं को प्रकृति का रूप बताते हुए उनके सृजनात्मक रूप के लिए उन्हें पूज्य बताया।

भारत रहा उपविजेता, कप्तान श्रीडूंगरगढ़ के तुषार ने किया शानदार प्रदर्शन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इंडो-मालदीव अंतर्राष्ट्रीय टेनिस बॉल क्रिकेट मैच सीरीज़ में भारत उपविजेता रहा है और टीम कप्तान श्रीडूंगरगढ़ निवासी व जलगांव प्रवासी तुषार चौरड़िया ने शानदार प्रदर्शन किया है। बीसीसीआई द्वारा आयोजित विज्जी ट्रॉफी टूर्नामेंट जलगांव क्रिकेट टीम के कप्तान और टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाड़ी तुषार चौरडिया को भारतीय टेनिस बाल क्रिकेट टीम की कप्तानी दी गई। टूर्नामेंट हाल ही में मालदीव में सम्पन्न हुआ। जलगांव जिला टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव वासिफ पटेल और महाराष्ट्र टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. मोहम्मद बाबर ने तुषार का अभिनंदन किया। टूर्नामेंट 5-6 अक्टूबर को संपन्न हुआ और माले (मालदीव) स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार कप्तान तुषार चौरडिया को दिया गया।

आड़सर व मोमासर में होगा शस्त्र पूजन, निकलेगा पथ संचलन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मोमासर खंड में विजयदशमी के उपलक्ष में शस्त्र पूजन और पथ संचलन किया जाएगा। खंड मोमासर के संघ संचालक शिवरतन राजपुरोहित ने बताया कि मोमासर में 12 अक्टूबर 2024 को माताजी मंदिर से शाम 4 बजे पथ संचलन गांव के मुख्य मार्गों से होकर गुजरेगा। वहीं 13 अक्टूबर 2024 को गांव आडसर के माताजी मंदिर से शाम 4 बजे पथ संचलन निकलेगा। दोनों गांवो के स्वयंसेवकों में उत्साह का माहौल है।