May 20, 2026
SDT_news-Recovered-1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 फरवरी 2022। आजकल हमारे क्षेत्र में अपने प्रिय परिजनों के संसार से विदा हो जाने के बाद उनकी स्मृति में उनके परिवारों द्वारा सेवा शिविरों के आयोजन का सुखद चलन बढ़ रहा है। ऐसे कार्यों में नेत्र जांच चिकित्सा शिविर हो या रक्तदान शिविर, कहीं कहीं अस्पताल में रोगियों की सेवार्थ उपकरण व मशीनें देने जैसे सेवा कार्य करने का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। ये एक शुभ संकेत है कि बढ़ती मंहगाई में जरूरतमंदों को उपलब्ध करवाई जाने वाली ये मेडिकल सेवा सर्वाधिक सार्थक सेवा मानी जा रही है। क्षेत्र के समाजसेवी इसे सच्ची श्रद्धाजंलि करार देते हुए इसे मानवता की सेवा का पर्याय बता रहें है।

गांव जोधासर में लगेगा नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव जोधासर में आगामी 12 फरवरी 2022 को रिश्ते में जेठानी देवरानी लगने वाली स्वर्गीय मंगेज कंवर व स्व. भंवर कंवर का परिवार उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी स्मृति में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रहा है। भंवरसिंह व भगवानसिंह की अगुवाई में आयोजित शिविर का आयोजन गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया जाएगा। परिवार के छैलूसिंह ने बताया कि शिविर में डॉ. आशीष जोशी अपनी सेवाएं देंगे तथा चिन्हित मरीज का मोतियाबिंद का ऑपरेशन 13 फरवरी रविवार को आचार्य श्रीनानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, गंगाशहर में करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को गांव से ले जाने से लेकर ऑपरेशन करवाने, दवाईयां व चश्मा देने के साथ रहने, खाने की सभी सुविधाएं चंद्रावत परिवार द्वारा ही की जाएगी व सभी मरीजों को पुनः घर तक पहुंचाया जाएगा। परिवार के अजीतसिंह ने बताया कि सभी मरीज शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर स्थल पर पहुंच कर अपनी जांच करवा सकेंगे तथा ऑपरेशन के लिए चयनित रोगी अपना पहचान-पत्र, आधार कार्ड या पेन कार्ड की कॉपी साथ लेकर आवें। कोविड गाइडलाइन की पालना की अपील करते हुए आयोजकों ने जागरूक युवाओं से अपने आस पास के जरूरतमंद बुजुर्गों व नेत्र विकारों से परेशान मरीजों को जरूर ये सूचना पहुंचाने की बात कही है जिससे वे शिविर का लाभ उठा सकें।