






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 फरवरी 2025। इस बार का बजट श्रीडूंगरगढ़वासियों के लिए खासी उम्मीदें लेकर आया है। यहां बिजली में दो नए जीएसएस, पेयजल में शहर को 80 करोड़ का पैकेज मिलने के साथ ही कई सड़कों की घोषणा भी हुई है। बजट में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के करोड़ों के सड़क मार्गों की घोषणाएं हुई है। गांव ठुकरियासर से लिखमादेसर, कुंतासर, धीरदेसर चोटियान होते हुए कित्तासर भाटियान तक 22.80 किलोमीटर सड़क के लिए 23 करोड़ रुपए का, वहीं गांव नकोदेसर से जालबसर, उदरासर, आडसर, मोमासर, लाछड़सर होते हुए जिला सीमा तक तक 51 किलोमीटर सड़क के लिए 51 करोड़ रुपए, गांव बिग्गाबास रामसरा से रूस्तम धोरा तक 8.5 किलोमीटर सड़क के लिए 1 करोड़ रुपए, विधानसभा क्षेत्र के गावं कुचौर आथूणी से स्टेट हाईवे 20बी फांटा होते हुए खेराज भौमिया गौशाला तक 6 किलोमीटर डबल लाईन डामर सड़क के लिए 6 करोड़ 30 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। बजट में सरकार द्वारा साल भर में प्रदेश की सड़कों पर 5 हजार करोड़ से अधिक का व्यय किया जाएगा। इन घोषणाओं के साथ ही प्रदेश भर में 21 हजार किलोमीटर नॉन पेचेबल सड़क के कार्यों के लिए 6 हजार करोड़ रुपए की लागत से कार्य की घोषणा की गई है। इस घोषणा के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 करोड़ एवं मरूस्थलीय क्षेत्र में 15-15 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण के लिए 15 करोड़ रुपए दिए जाएगें। साथ ही पांच हजार से अधिक आबादी वाले 250 ग्रामीण कस्बों में प्रत्येक में 2 करोड़ रुपए की लागत से अटल प्रगति पथ का निर्माण करवाया जाएगा। इन 250 में भी श्रीडूंगरगढ़ के कई गांवों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के चतुर्थ चरण में प्रदेश भर में 1600 आबादियों को सड़क से जोड़ा जाएगा। इसमें भी श्रीडूंगरगढ़ के कई वंचित क्षेत्रों को भी सड़क से जुडऩे की उम्मीद है।



