






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 29 अप्रैल 2026। क्षेत्र के गांव जैसलसर गांव के पास एक घायल ऊंट गत दिनों से रेलवे ट्रैक के आसपास भटक रहा है। राज्य पशु ऊंट के आगे का पैर टूट जाने के कारण वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा है और बार-बार रेलवे ट्रैक पर पहुंच जाता है। इससे ग्रामीणों ने बड़ा हादसा होने की आशंका जताई और गांव के जागरूक युवा राजेंद्र नाई व सोहनलाल नाई ने आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह को सूचना दी। युवाओं ने बताया कि 24 अप्रैल 2026 को ऊंट के ट्रैक पर आ जाने के कारण ट्रेन को भी रूकना पड़ा था। उसके बाद बुधवार को समिति अध्यक्ष जतनसिंह व उपाध्यक्ष सत्यनारायण टाक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जतनसिंह ने बताया कि ऊंट के आगे का एक पैर पूरी तरह से टूटा हुआ है और वह दर्द में ट्रैक के आसपास बड़ी मुश्किल से विचरण कर रहा है। स्थानीय युवा सोहनलाल नाई पिछले कई दिनों से रोजाना मौके पर पहुंचकर घायल ऊंट को पानी पिलाने की सेवा दे रहे हैं। समिति सदस्यों ने प्रशासन को ज्ञापन देकर घायल ऊंट की मदद करने की मांग की, समिति ने तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को ऊंट के हालात लगातार बिगड़ने की जानकारी दी व समय पर उपचार नहीं मिलने पर उसकी जान को खतरे का अंदेशा जताया। समिति ने ऊंट को बीकानेर स्थित पॉली क्लीनिक भेजकर पूरा ईलाज करवाने की मांग की है। वहीं समिति ने नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध करवाने की पेशकश भी की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राज्य पशु की जान बचाने की मांग की है।




