May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अगस्त 2025। आधुनिक शिक्षण के साथ वेद पाठी विद्यार्थी गुरूकुल में तपकर खरा सोना बनते है। जिनकी स्वर्णिम आभा से देश व समाज आलोकित होता है। ये बात कही क्षेत्र में लोकप्रिय और तारातरा मठ के महंत प्रतापपुरीजी महाराज ने, स्वामी जी ने बेनीसर स्टैंड के निकट स्थित आर्यस्थली गुरूकुल का अवलोकन किया। स्वामीजी ने गुरूकुल की दिनचर्या व शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए एक वीडियो संदेश के माध्यम से बच्चों को संस्कारित करने के लिए गुरूकुल में शिक्षण करवाने की प्रेरणा दी। स्वामीजी ने गुरूकुल के बच्चों को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि गुरूकुल में रहकर बच्चे देश व धर्म के लिए उपयोगी बनने के लिए जीवन बनाते है। यहां बच्चे भारतीय परंपरा के अनुसार जीना सीख जाते है। इस दौरान उन्होंने बच्चों से वेद विषय पर चर्चा भी की। उनके साथ भाजपा ओबीसी मोर्चा के देहात जिलाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाई, पृथ्वीराज राजपुरोहित भी रहें। सभी ने गुरूकुलीय शिक्षण की सराहना की। इस दौरान स्वामीजी ने गुरूकुल परिसर में पौधा लगाया और गुरूकुल के विद्यार्थियों को भी प्रतिदिन खेल के साथ पौधों का संरक्षण करने की सीख दी। गुरूकुल के संचालक अमित आर्य ने स्वामीजी का अभिनंदन किया व आभार जताया।