






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मार्च 2021। किसी समय श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के नागरिकों की लाइफलाइन बनने वाले कुंए और उसके पीछे छोड़ी गई जमीन अब विवादों का कारण बन रही है। ऐसे ही विवाद का तनाव पिछले तीन दिनों से कालूबास में चल रहा है जहां कुआं बनवाने वाले परिवार और मोहल्लेवासियों के बीच तनाव की स्थिति बन चुकी है। कालूबास के वार्ड 40 में दधिमती माता मंदिर के पास कलानी कुआं स्थित है और लंबे समय से कुंए के पीछे की सार्वजनिक छोड़ी गई जमीन पर बेसहारा गोवंश को चारा डालने, खेल प्रतियोगिता होने, सांस्कृतिक आयोजन होने आदि गतिविधियां संचालित होती थी। लेकिन अब कलानी परिवार द्वारा इस करीब 6 पट्टे (29232 वर्गफीट वर्ग फ़ीट) जमीन की तारबंदी की जा रही है। दिक्कत यहाँ पर यह आ रही है कि इस तारबंदी के दौरान आधी गली भी रूक रही है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि तारबंदी के लिए उन्होंने जो खड्ढे खोदे है वह आधी गली को अपने अंदर ले रहे हैं ऐसे में इस गली से कोई वाहन गुजरना तो असम्भव होगा ही पैदल भी बमुश्किल जा पाएंगे लोग। ऐसे में मोहल्लेवासियों ने नगरपालिका व एसडीएम के यहां फरियाद लगाई तो पालिका ने कार्य रुकवाते हुए पहले कागजात पेश करने, पालिका द्वारा पैमाइश करवाने के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढाने के निर्देश दिए है। लेकिन इन निर्देशों को धत्ता बताते हुए यहां तारबंदी का प्रयास किया गया तो मोहल्लेवासियों ने कार्य को रुकवा दिया। ऐसे में तारबंदी करने वाले कलानी परिवार के प्रतिनिधि थाने पहुंचे हैं और मोहल्लेवासियों के खिलाफ कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब ऐसे में जरूरी है कि प्रशासन प्रकरण में हस्तक्षेप करें और पैमाइश करवा कर ही तारबंदी करवाये ताकि गली खुली रहे और मोहल्लेवासियों को कोई दिक्कत ना हो। आक्रोशित मोहल्लेवासी अभी भी मौके पर एकत्र है और नारेबाजी कर कलानी परिवार के खिलाफ अपना रोष जता रहे हैं।







