






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की जनता के लिए नासुर बनी जल निकासी की समस्या को आज बजट सत्र के दूसरे दिन विधायक गिरधारीलाल महिया ने विधानसभा में उठाया। प्रतिवर्ष कस्बे के सैकड़ों घरों में पानी घुसने से, ड्रैनेज सिस्टम नहीं होने से, कई गलियों में बिना बरसात लगातार पानी भरे रहने से घरों में आवाजाही ही बंद हो जाने से नागरिक बुरी तरह से प्रभावित है। आज इस समस्या को महिया ने मुख्यमंत्री के सामने उठाते हुए कार्य प्रारंभ करवाने की पूरजोर मांग की। विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच महिया ने सरकार के सामने श्रीडूंगरगढ़ शहर हेतु इसी वर्ष ड्रेनेज सिस्टम की डीपीआर बनवाकर कार्य शुरू करवाने की मांग रखी। विधायक ने विधानसभा की प्रक्रिया एवं नियम 50 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि श्रीडूंगरगढ शहर में ड्रेनेज सिस्टम के अभाव में जलभराव एक ज्वलंत समस्या बनी हुई है जिसका समाधान हर नागरिक चाहता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से भी लगातार समाधान की मांग की जा रही है लेकिन अभी तक इसका कोई हल नहीं निकला है। महिया ने कहा कि शहर की बसावट कटोरीनुमा है जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं होने से अनेक मोहल्लों व गलियों में गंदे पानी के तालाब बन गए है जिससे शहरवासियों का जीना दूभर हो गया है। इसलिए एक लाख से अधिक आबादी वाले श्रीडूंगरगढ़ शहर में ड्रेनेज सिस्टम की डीपीआर इसी वर्ष बनवाकर कार्य शुरू करवाने की व्यवस्था की जाएं।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, आपराधिक, मानविक सभी प्रकार के आज के समाचार आज ही प्राप्त करने के लिए जुड़े क्षेत्र के प्रामाणिक व विश्वसनीय न्यूज ग्रुप श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ और अपडेट रहें अपने क्षेत्र की हर खबर से।



