May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवबंर 2023। श्रीडूंगरगढ़ की बेटी दिव्या सोनी ने आज स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। दिव्या ने आरएएस 2021 की भर्ती में ऑल राजस्थान 16वीं रैंक हासिल कर श्रीडूंगरगढ़ का नाम रोशन कर दिया है। दिव्या सीधे एसडीएम की रैंक हासिल करने वाली क्षेत्र की पहली नागरिक बन गई है। पहली बार क्षेत्र से सीधे उपखंड अधिकारी की पोस्ट पर लगने का रिकॉर्ड दिव्या के नाम पर ही दर्ज होगा। श्रीडूंगरगढ़ की बेटी द्वारा हासिल की जाने इस बड़ी उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र की महिलाएं गौरव का अनुभव कर रही है। दिव्या पुत्री रेलवे अधिकारी राजेन्द्र सोनी क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहें सैंकड़ो युवाओं की प्रेरणा बन गयी है। वे गत 2018 के परिणाम में 401वीं रैंक पर थी और फिलहाल आबकारी विभाग में अधिकारी के रूप में सेवारत है। दिव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता सहित परिवार के सहयोग को दिया है। उनके पिता ने कहा कि दिव्या सदैव कड़ी मेहनत करने वाली रही है और उनके साथ उनकी माता की तपस्या आज सफल हो गई है। सोनी को सुबह से फोन पर या घर जाकर बधाईयां देने वालों का तांता लग गया है। उनके पूरे परिवार सहित परिचितों में उत्साह का माहौल है। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स भी रिकॉर्ड व स्वर्णिम उपलब्धि के लिए दिव्या की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें लाखों बालिकाओं के लिए शिक्षा का मार्ग खोल देने की प्रेरणा देने के लिए अशेष शुभकामनाएं देता है।