May 21, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2025। क्षेत्र में प्राय: सभी गांवो में गोचर, जोहड़ पायतन व अराजीराज भूमि अवैध कब्जाधारियों की भेंट चढ़ती जा रही है। शुक्रवार को जब पूरे अचंल में स्वतंत्रता दिवस का उल्लास व उत्साह छाया था, उस समय गांव समंदसर में खासा हंगामा हुआ। यहां राउमावि के विद्यार्थी, स्टाफ व ग्रामीण जब स्कूल के खेल मैदान में ध्वजारोहण के लिए गए तो कब्जाधारी ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया। सरपंच प्रशासक धन्नीदेवी, प्रधानाचार्य सहित ग्रामीणों ने थानाधिकारी को परिवाद देकर खेल मैदान स्कूल के हक में दिलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अराजीराज भूमि खसरा नबंर 898/544 में से 2.02 हेक्टेयर भूमि सरकारी स्कूल के खेल मैदान के लिए 20 अप्रैल 2018 को जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल में आवंटित की हुई है। इस भूमि के लिए मौका रिपोर्ट, नक्शा, पटवारी रिपोर्ट की कार्रवाई पूरी की हुई है। इस भूमि पर सांगरसर निवासी ने कब्जा कर लिया गया और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मैदान में घुसने नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कब्जाधारी ने बदसलूकी करते हुए रास्ता रोक लिया। मैदान में लगाए गए पौधे भी उखाड़ कर फैंक दिए। ग्रामीणों ने मामला दर्ज कर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मैदान खाली करवाने की मांग की गई है।