May 21, 2026
0010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ की कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। यहां इस सीजन की पहली मूंगफली की उपज निलामी के लिए पहुंची तो व्यापारियों ने किसान का सम्मान किया एवं मूंह मीठा करवाया व आपस में भी मिठाई बांटी। मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी सीजन की पहली मूंगफली गांव रिड़ी का किसान गोपीराम जाखड़ मंडी की दुकान मनोज कुमार पदमाराम ट्रेडिंग कम्पनी के यहां लेकर आया। व्यापारियों ने भी उत्साह के साथ बोली लगाई एवं पहली ढे़री में करीब 30 क्विंटल मूंगफली 5351 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकी। विदित रहे कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की आधार मूंगफली का उत्पादन ही है एवं इस बार 100 करोड़ रुपए से अधिक का उत्पादन मूंगफली से होना संभावित है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में करीब 3 लाख बीघा से अधिक भूमि पर मूंगफली का बिजान हुआ है। इस बार हुई शानदार बारिश के कारण पहले तो मूंगफली की बम्पर पैदावार 12 क्विंटल प्रतिबीघा तक होने का अनुमान था लेकिन गोजा लट व अब बाद में हुई पानी की कमी के कारण यह उत्पादन प्रतिदिन घट रहा है। वर्तमान हालातों में भी बिजली दे दी जाएग तो यह आंकड़ा 7 से 8 क्विंटल प्रतिबीघा तक उत्पादन का रह जाएगा। यह आंकड़ा भी अगर छू ले तो भी क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक की केवल मूंगफली का उत्पादन होना है। लेकिन बिजली की कमी से क्षेत्र को करोड़ों रुपए का नुकसान हर दिन हो रहा है। ऐसे में क्षेत्र के व्यापारी हो या किसान, पशुपालक हो या नौकरीपेशा, हर व्यक्ति की एक ही आवाज है कि बिजली दे दो सरकार।
प्रयोग कर रहे है किसान, खेती को घाटे का सौदा बनाने से बचाने के प्रयास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को जब श्रीडूंगरगढ़ मंडी में सीजन की पहली मूंगफली आई तो लोगों ने इतना जल्दी ही नई मूंगफली निकल जाने पर अचरज भी जताया। लेकिन यह क्षेत्र के प्रयोगधर्मी किसानों के खेती को घाटे का सौदा नहीं बनने देने के लक्ष्य की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। क्षेत्र में कई किसानों ने प्रयोग के तौर इस बार मूंगफली के उन्नत बीज 510 नम्बर, 551 नम्बर आदि की बुवाई भी अपने खेत में अलग से कर की है। गत फरवरी, मार्च में ही बुवाई कर देने के कारण यह मूंगफली अगस्त में ही बाजार में आ गई है। शुक्रवार को मंडी में मूंगफली लाने वाले किसान गोपीराम जाखड़ ने भी अपने खेत में करीब 5 बीघा क्षेत्र में गत 20 फरवरी को 510 मूंगफली की बुवाई की थी। और 5 बीघा क्षेत्र में खल्ले के रूप में 30 क्विंटल मूंगफली हुई है व चुग्गे के रूप में भी इसके यहां करीब 10 से 15 क्विंटल मूंगफली और होनी है। समय पर बारिश के कारण एवं अगेती बिजाई के कारण यह मूंगफली बिजली कटौती से पहले ही निकाली जा चुकी है। इसका औसत भी करीब 9 क्वींटल प्रतिबीघा उपज हुई है।