May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-10-25 at 7.53.21 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का अभी सबसे बड़ा मुद्दा बन चुके ट्रोमा सेंटर के संबध में शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा विशेष आदेश निकालते हुए बीकानेर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबध में नया एमओयू करवाने के निर्देश दे दिए गए है। इस संबध में क्षेत्र में लगातार आंदोलन का माहौल बना हुआ है एवं क्षेत्र के प्रत्येक संगठन, प्रत्येक नेता द्वारा यह मांग उठाई जा रही थी कि जो भी गतिरोध बना हुआ है उसे दूर कर ट्रोमा सेंटर एवं उपजिला चिकित्सालय का निर्माण शुरू करवाया जाए। ऐसे में आवाज मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंची एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से चिकित्सा विभाग को निर्देश देकर गतिरोध दूर करते हुए जल्द से जल्द नया एमओयू करवाने एवं ट्रोमा निर्माण शुरू करवाने को कहा गया। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने बीकानेर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र देकर प्रशासनिक विभाग द्वारा 3 अक्टूबर 2023 को जारी की गई अनुमति में अंकित शर्तों के अधीन दानदाता परिवार बाहेती-चांडक परिवार से एमओयू कर भिजवाने को कहा गया है। जिसमें दानदाता द्वारा उपजिला चिकित्सा एवं ट्रोमा सेंटर के भवन निर्माण कार्य से संबधित लागत राशि वहन की जावेगी का उल्लेख करने को कहा गया है। यह आदेश आने के बाद ट्रोमा सेंटर एवं उप जिला चिकित्सालय बनने का रास्ता खुल गया है एवं पूर्व निर्धारित नक्शे, शर्तों के अनुसार अब निर्माण कार्य बाहेती-चांडक परिवार करवा सकेगा।
बाहेती परिवार के प्रतिनिधि पांच दिनों से जयपुर में, राज्यमंत्री बने संवाद-सेतु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ट्रोमा सेंटर के निर्माण में दानदाता परिवार एवं जिला प्रशासन के बीच में आ रही दिक्कतों को सुलझाने में क्षेत्र के राज्य मंत्री रामगोपाल सुथार संवादसेतु बने है। इस संबध में लगातार हो रही गहमागहमी के बीच बाहेती-चांडक परिवार के प्रतिनिधि पिछले पांच दिनों से जयपुर में डेरा डाले हुए थे एवं राज्य मंत्री सुथार के साथ सीएमओ में मिले। इसके बाद हलचल शुरू हुई एवं सीएमओ द्वारा हस्तक्षेप करते हुए चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए गए है।

पूर्ववर्ती स्वीकृति की होगी पालना।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत सरकार के कार्यकाल के दौरान ट्रोमा सेंटर के निर्माण हेतू प्रशासनिक विभाग, चिकित्सा विभाग द्वारा जो स्वीकृति निकाली गई थी उसके अनुसार ही अब यह निर्माण हो सकेगा। उस स्वीकृति के लिए दानदाता परिवार द्वारा 2723 स्कायर मीटर भूतल, 2602 स्कायर मीटर प्रथम तल, कुल 5325 स्कायर मीटर के निर्माण की सहमती दी गई थी। सरकार द्वारा भी ए ब्लॉक में बनने वाले ट्रोमा सेंटर का नाम सोना-बृजलाल बाहेती ट्रोमा सेंटर एवं बी ब्लॉक में बनने वाले उप जिला चिकित्सालय का नाम भगवति मदनलाल चांडक उप जिला चिकित्सालय करने एवं दोनो के बीच में प्रवेश द्वार पर राजकीय बाहेती-चांडक उप जिला चिकित्सालय श्रीडूंगरगढ़ रखने की सहमति दी थी। इस सहमति पर ही स्वीकृति जारी हुई थी। देखें सहमति एवं स्वीकृति के आदेश पत्र।

महिया ने बताई सत्य की जीत, अब दीपावली बाद आंदोलन नहीं निर्माण होगा शुरू।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर को लेकर चले गतिरोध को देखते हुए पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने खासी सक्रियता के साथ जिला प्रशासन पर गतिरोध स्थानीय राजनीति के प्रभाव में बनाने के आरोप लगाए थे। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं द्वारा ट्रोमा के जल्द निर्माण की मांग पर लगाए गए धरने को भी महिया सर्मथन दिया था एवं दीपावली के बाद इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन छेडने की चेतावनी भी दी थी। वहीं शुक्रवार को निकले आदेश के बाद महिया एवं उनके सर्मथक इसे सत्य की जीत बताते हुए खुशियां मना रहे है। अब दीपावली के बाद ट्रोमा के लिए आंदोलन के बजाए संभावित रूप से बाहेती-चांडक परिवार द्वारा दीपावली के बाद निर्माण ही शुरू करवा दिया जाएगा।

राज्य सरकार क्षेत्र की जनता के कल्याणार्थ सतत प्रयासरत है, जिला प्रशासन एवं बाहेती-चांडक परिवार के बीच सहमति बनाने के लिए पूर्व में भी कई बार बीकानेर पहुंच कर अधिकारियों से मुलाकात की गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए अब और इंतजार नहीं किया जा सकता था एवं इस कारण जयपुर पहुंच कर उच्चाधिकारियों, राज्य नेतृत्व को अवगत करवाते हुए गतिरोध दूर करवाने के प्रयास किए गए है। कल एमओयू हो जाएगा और निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकेगा। – रामगोपाल सुथार, अध्यक्ष, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड, राज्यमंत्री, राजस्थान सरकार।

गत सरकार द्वारा क्षेत्र की जनता को लगातार सड़क हादसों में हो रही क्षति को देखते हुए ट्रोमा सेंटर व उप जिला चिकित्सालय बनवाने की घोषणा की गई थी लेकिन सरकार बदलने के बाद जिला प्रशासन द्वारा निर्माण करवाने वाले भामाशाह परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा था एवं हर बैठक में नई शर्त रखी जा रही थी। ऐसे में अब सत्य की जीत हुई है एवं पहले पास किए जा चुके नक्शे, शर्तों के अनुसार ही पुन: बाहेती परिवार से एमओयू करवाने के निर्देश जारी हुए है। – गिरधारीलाल महिया, पूर्व विधायक श्रीडूंगरगढ़।

 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को जारी हुआ जयपुर से पत्र, सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश।

 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 3 अक्टूबर 2023 को जारी की गई स्वीकृति पेज 1
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 3 अक्टूबर 2023 को जारी की गई स्वीकृति पेज 2