May 20, 2026
NEWS

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितंबर 2021। दहेज के कारण टूटते घर और बिखरते परिवार आज समाज चिंतकों के लिए चुनौती बन गए है। फैमिली कोर्ट के प्रयास व पुलिस की कोशिशें भी दहेज के कारण बिखराव को जोड़ पाने में कामयाब कम ही हो पा रहें है। तहसील के गांव बिग्गा निवासी पूजा ने अपने पति सुरेश कुमार, ससुर गणेशाराम, सास प्रकाशदेवी निवासी भाटों का बास, जीवणनाथ की बगीची के पास बीकानेर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 18 मई 2019 को हुआ था एवं तभी से आरोपी कम दहेज लाने का उलाहना देते हुए उसे तंग परेशान करने लगे। पांच लाख रुपए नकद, सोने के आभूषण एवं मोटरसाईकिल की मांग पर आए दिन उसे प्रताड़ना दे रहें थे।

करीब एक वर्ष पहले जब पीड़िता नौ माह की गर्भवती थी तो आरोपियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीहर में उसे पुत्री पैदा हुई तो आरोपियों ने आज तक उसे नहीं संभाला। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों को उलाहना दिया तो आरोपी गत 3 मार्च 2021 को गांव बिग्गा आए एवं पांच लाख रुपए और सोने के आभूषण एवं मोटरसाईकिल की मांग को दोहराते हुए ये दहेज और देने पर ही उसे ससुराल ले जाने की बात कही एवं इसके अभाव में उम्रभर पीहर में ही रहने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता के साथ उसके पीहर में ही मारपीट भी की। आरोपियों ने उन्हें धमकाया भी और कहा कि तुम्हारे परिवार के कई लोग हमारे साथ है और हम जैसा चाहेगें वैसा ही करेगें। इतने दिनों तक सामाजिक पंचायती चलती रही लेकिन आरोपी नहीं माने तो मजबूरी में पीड़िता ने अब श्रीडूंगरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।