






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जनवरी 2025। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में आरडी 860 गांव के मुख्य मार्ग पर लगी एटीएम मशीन बुधवार देर रात बदमाश गाड़ी से बांधकर ले गए। चोरों ने मार्ग पर कोई आवाजाही नहीं होने का फायदा उठाया और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया। सुबह लोगों ने एटीएम का गेट टूटा हुआ देखा तो अंदर की ओर झांका। तब पता चला कि अंदर तो एटीएम ही नहीं है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एटीएम में शुक्रवार को ही 14 लाख रुपए डाले गए थे। इसमें कुछ राशि दो दिन में निकली है। माना जा रहा है कि लोहे की मजबूत चेन से एटीएम को बांधकर गाड़ी को स्टार्ट किया गया। तेज रफ्तार से खींचने पर एटीएम टूटकर गाड़ी के पीछे लटक गया। जिसे खींचते हुए बदमाश ले गए। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस का मानना है कि यह वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा की गई हो सकती है।




