May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 मई 2026। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में तुलसी मेडिकल एण्ड रिसर्च सेण्टर अस्पताल द्वारा दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अस्पताल में रविवार 10 मई को निःशुल्क फिजियोथैरेपी शिविर तथा सोमवार 11 मई को निःशुल्क मशीन द्वारा हड्डियों की कमजोरी (बीएमडी) जांच शिविर आयोजित होगा अस्पताल के प्रशासक सूर्यप्रकाश गांधी ने बताया कि फिजियोथैरेपी शिविर में एम्स दिल्ली व यूके से प्रशिक्षित फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. बसंत सुथार अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में बिना दवा, बिना ऑपरेशन और बिना इंजेक्शन शरीर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले दर्द का उपचार फिजियोथैरेपी, एक्सरसाइज एवं बेहतर लाइफ स्टाइल के माध्यम से करने संबंधी परामर्श दिया जाएगा। बढ़ती भागदौड़ और गलत दिनचर्या के कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों की समस्या, कंधों का दर्द एवं मांसपेशियों से जुड़ी परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में यह शिविर मरीजों के लिए लाभकारी साबित होगा।
वहीं सोमवार 11 मई को आयोजित हड्डियों की कमजोरी जांच शिविर में विदेश से आयातित कम्प्यूटराइज्ड मशीन द्वारा मात्र 3 मिनट में बीएमडी जांच निःशुल्क की जाएगी। इस जांच के माध्यम से हड्डियों की कमजोरी एवं ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाया जा सकेगा।
गांधी ने बताया कि दोनों शिविरों का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। संस्थान अध्यक्ष भीखमचंद पुगलिया एवं मंत्री धर्मचंद धाड़ेवा ने बताया कि अस्पताल द्वारा समय-समय पर आमजन के हित में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाती रहेंगी।
इसी क्रम में रविवार को गुर्दा, पथरी एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक चौधरी (एमसीएच यूरोलॉजी) की सेवाएं भी अस्पताल में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, जिससे क्षेत्र के मरीज विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठा सकेंगे।