May 21, 2026
sri-news-banner

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 सितंबर 2024। पंचायत समिति के सभागार में उपखंड अधिकारी उमा मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में गुरूवार को क्षेत्र में बिक रही अवैध शराब का मुद्दा छाया रहा। धीरदेसर चोटियान, कालूबास में शराब बंदी की मांगो के बाद गांव कुंतासर के ग्रामीणों ने शराब की अवैध बिक्री सख्ती से बंद करवाने की मांग प्रशासन से की। ग्रामीणों की टोली जनसुनवाई में पहुंची और गांव में एक ग्रामीण द्वारा अपने घर में अवैध शराब का ठेका चलाने व इस ठेके को तुरंत प्रभाव से बंद करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने मित्तल को बताया कि धीरदेसर चोटियान में ठेका नहीं चलने के कारण उस गांव के शराबी कुंतासर में आ जाते है और शराब पीकर महिलाओं व स्कूल जा रही बालिकाओं से छेड़छाड़ करते है। रात को भी शराबी गांव में आ जाते है जिससे ग्रामीणों को चोरी की आशंकाए बढ़ गई है। अवैध ठेके के आस पास के घरों में दहशत का माहौल छाया है। इस पर मित्तल ने सक्षम अधिकारी को इसकी जांच करने व अवैध ठेकों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए। वहीं जनसुनवाई में सूडसर में गोगामेड़ी जीएलआर हौज से आगे पेयजल लाइन बिछाने, इसी गांव में आम रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, जोहड़ पायतन के अतिक्रमण हटवाने, रीड़ी गांव में पीने के पानी की सप्लाई सुचारू करवाने, रीड़ी में भवन के ऊपर से 11 केवी विद्युत लाइन के तार हटवाने, रीड़ी में बरसात के पानी की निकासी के लिए प्रबंधन करने, कस्बे के वार्ड नबंर 18 व 20 बिग्गाबास में पानी सप्लाई की लाइन डलवाने की मांग लेकर नागरिक उपस्थित हुए। उपखंड अधिकारी ने सभी विभागों के जिम्मेदारों को पूर्ण निष्ठा के साथ जनता के कार्य करने के निर्देश दिए।

ये रहें मौजूद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल, कृषि अधिकारी कन्हैयालाल सारस्वत, बीसीएमओ डॉ राजीव सोनी, प्रोग्रामर कृष्ण चौधरी, पशुपालन विभाग के ब्लॉक अधिकारी डॉ उत्तमसिंह भाटी, विद्युत विभाग के एईएन मुकेश मालू, पीएचईडी से बजरंग पड़िहार, विद्युत विभाग से अविनाश बरवड़, राजेन्द्र मोदी, कुभांराम, जेईएन बिग्गा सुशील छिंपा, रमाकांत त्रिवेदी, धनराज पांडिया, धर्मपाल वर्मा, सुभाष भादू शामिल हुए।